
संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
जमीन विवाद में चचेरे भाई की हत्या की साजिश: 60 हजार रुपये की सुपारी, 2 गिरफ्तार
उजाला टुडे कोण्डागांव 21 अगस्त 2025: कोण्डागांव पुलिस ने जमीन विवाद के चलते एक वकील की हत्या की साजिश रचने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मो. मजहर अली खान (42) और राज कुमार बघेल (41) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, राजकुमार बघेल ने अपने चचेरे भाई, जो पेशे से वकील हैं, की हत्या के लिए मजहर अली खान को 60,000 रुपये की सुपारी दी थी।
क्या है पूरा मामला?
कोण्डागांव पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार के निर्देश पर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। 20 अगस्त 2025 को चोरी के मामलों में संदिग्ध मो. मजहर अली खान से थाना कोण्डागांव और साइबर टीम संयुक्त रूप से पूछताछ कर रही थी। इस दौरान मजहर के मोबाइल की जांच में दहिकोंगा निवासी राज कुमार बघेल के साथ उसकी चैट मिली, जिसमें दोनों एक वकील, कंवल सिंह बघेल की हत्या की साजिश रच रहे थे। कंवल सिंह बघेल, राजकुमार बघेल के चचेरे भाई हैं।
गहन पूछताछ में राज कुमार बघेल ने खुलासा किया कि 2021 से उनका कंवल सिंह बघेल के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है, और यह मामला फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है। इसी विवाद के चलते राज कुमार बघेल अपने चचेरे भाई की हत्या करवाना चाहता था। उसने इसके लिए मो. मजहर अली खान को 60,000 रुपये दिए थे, और दोनों मिलकर हत्या की पूरी योजना बना रहे थे।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
मो. मजहर अली खान का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी दुर्ग जिले और कोण्डागांव के कोतवाली थाना में कई मामलों में जेल जा चुका है।
कंवल सिंह बघेल की शिकायत पर थाना कोण्डागांव में अपराध क्रमांक 284/2025 धारा 61(2), 55 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने और उनके द्वारा अपना अपराध स्वीकार करने के बाद आज, 21 अगस्त 2025 को उन्हें गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोण्डागांव निरीक्षक टामेश्वर चौहान, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, सउनि. राज कुमार कोमरा, प्र.आर. रोहित कोमरा, अजय बघेल, ऋतुराज सिंग, चंदन यादव, और अनिल चौरे का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


