
संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
कोंडागांव में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान शुरू: 2 अक्टूबर तक चलेगा उत्सव
उजाला टुडे कोंडागांव 17 सितंबर 2025/ स्वच्छ भारत मिशन शहरी 2.0 के तहत “स्वच्छता ही सेवा” अभियान 2025 का क्रियान्वयन पूरे प्रदेश के साथ-साथ कोंडागांव में भी शुरू हो गया है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के निर्देश पर यह पखवाड़ा देश भर में ‘स्वच्छ उत्सव’ के रूप में मनाया जा रहा है।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह बताना है कि स्वच्छता हमारी संस्कृति और संस्कार का प्रतीक है। यह एक ऐसी विरासत है जो हमें अपने पूर्वजों से मिली है। यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम इसे अपनी युवा पीढ़ी तक पहुंचाएं, ताकि हमारे शहर और समाज स्वस्थ और स्वच्छ रहें।
आज नगर पालिका परिषद कोंडागांव द्वारा इस अभियान का शुभारंभ किया गया। इसमें मुख्य रूप से नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
अभियान की शुरुआत विकास नगर स्टेडियम में स्वच्छता बनाए रखने के संकल्प के साथ हुई। बड़ी संख्या में लोगों ने स्वच्छ रैली और श्रमदान में भी अपना योगदान दिया। यह अभियान 02 अक्टूबर तक जारी रहेगा, जिसका लक्ष्य नगर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
नगर वासियों से अनुरोध किया गया है कि वे भी स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझकर इस अभियान में अपनी भागीदारी दें।

