संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
दहेज हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया
उजाला टुडे कोंडागांव 21 सितंबर 2025 – माकड़ी पुलिस ने दहेज हत्या के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति राधेश्याम चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। उसे शनिवार, 20 सितंबर 2025 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
यह मामला तब सामने आया जब 18 सितंबर 2025 को राधेश्याम ने अपनी पत्नी रुचिता चौहान को जहर सेवन के बाद जिला अस्पताल कोण्डागांव में भर्ती कराया। इलाज के दौरान रुचिता की मृत्यु हो गई। मृतिका के परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही राधेश्याम दहेज के लिए रुचिता को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। मूल घटना स्थल माकड़ी थाना क्षेत्र के मिरमिण्डा गाँव का था।
पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार के निर्देश पर, उप पुलिस अधीक्षक सतीश भार्गव के नेतृत्व में एक टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी राधेश्याम चौहान को गिरफ्तार किया। इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक विकास बघेल, सहायक उप-निरीक्षक गिरीश कतलम, और अन्य पुलिसकर्मियों का विशेष योगदान रहा।
