संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
कोंडागांव: ‘अग्निवीर’ समेत सैन्य और पुलिस भर्ती के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण का 8वां चरण शुरू, पूर्व सैनिकों की सराहनीय पहल
उजाला टुडे कोंडागांव 04 अक्टूबर 2025- कोंडागांव देश सेवा का जज़्बा रखने वाले कोंडागांव के युवक-युवतियों के लिए एक बड़ी खबर है। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के तत्वावधान में 4 अक्टूबर को विकास नगर स्टेडियम में निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण के आठवें चरण का शानदार आगाज़ हुआ।
पूर्व सैनिकों की इस सराहनीय पहल का शुभारंभ भारत माता के छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से पूरा वातावरण गूंज उठा।
युवाओं को मिल रहा बहुआयामी मार्गदर्शन
प्रशिक्षण के पहले दिन ही बड़ी संख्या में आए युवक एवं युवतियों का पंजीयन किया गया। यह प्रशिक्षण मुख्य रूप से अग्निवीर, थल सेना, जल सेना, वायु सेना, सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी और असम राइफल जैसी केंद्रीय सेवाओं के साथ-साथ छत्तीसगढ़ पुलिस, बस्तर फाइटर, होमगार्ड और फॉरेस्ट गार्ड जैसे महत्वपूर्ण पदों की भर्ती के लिए शारीरिक प्रशिक्षण और विशेष मार्गदर्शन प्रदान करेगा।
यह प्रशिक्षण स्थानीय युवाओं को सेना और अर्द्धसैनिक बलों में शामिल होने के लिए आवश्यक शारीरिक दक्षता और लिखित परीक्षा के लिए जरूरी मार्गदर्शन प्रदान करके उनके भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा, जिला अध्यक्ष सूरज यादव, उपाध्यक्ष अजनेर लकड़ा, सचिव उमेश साहू, कोषाध्यक्ष सोमेश्वर भारती, सह सचिव रवि ठाकुर, सदस्य रतिराम सोरी और सेवारत सैनिक श्रीकांत तिवारी सहित प्रशिक्षणार्थी युवक एवं युवतियाँ बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कोंडागांव के पूर्व सैनिकों द्वारा शुरू किया गया यह निःशुल्क प्रशिक्षण शिविर स्थानीय युवाओं को देश की सेवा करने के लिए एक मजबूत मंच प्रदान कर रहा है।



