
संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
कोंडागांव में पूर्व सैनिकों का ऐतिहासिक सम्मेलन: ब्रिगेडियर तेजिंदर सिंह बावा बोले- “एक फौजी कभी सेवानिवृत्त नहीं होता”
सैन्य सेवाओं में युवाओं को जाने की प्रेरणा; पूर्व सैनिकों को सरकारी सुविधाओं के लिए तुरंत पंजीकरण का आह्वान
उजाला टुडे कोंडागांव 4 नवंबर 2025- को अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कोंडागाँव के कार्यालय में एक भव्य सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़-उड़ीसा सब एरिया कमांडर ब्रिगेडियर तेजिंदर सिंह बावा (सेना मेडल) ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और पूर्व सैनिकों तथा मातृशक्तियों का मार्गदर्शन किया।
ब्रिगेडियर बावा ने बस्तर संभाग के युवाओं को सशस्त्र बलों में शामिल होने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विशेष रूप से उन पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में पंजीकरण कराने के लिए मार्गदर्शन दिया, जो अभी तक रजिस्ट्रेशन न होने के कारण केंद्र एवं राज्य सरकार की सुविधाओं से वंचित हैं।
“सेवा-निवृत्ति के बाद समाज की सेवा”
अपने प्रेरणादायक संबोधन में कोसा कमांडर ब्रिगेडियर बावा ने कोंडागांव जिला के पूर्व सैनिकों के कार्यों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा, “एक फौजी कभी सेवानिवृत्त नहीं होता। सर्विस के दौरान वे देश की सेवा करते हैं और सेवानिवृत्त होने के पश्चात समाज की सेवा करते हैं।” इस विचार को सुनकर उपस्थित जनसमूह में जोश भर गया।
अतिथियों का सम्मान
सम्मेलन की शुरुआत समस्त अतिथियों के पुष्पगुच्छ से आत्मीय स्वागत से हुई। इसके बाद बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने परिषद के क्रियाकलापों का विस्तृत प्रजेंटेशन दिया।
कोसा कमांडर ने बुजुर्ग पूर्व सैनिकों और मातृशक्तियों को शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया। परिषद के पदाधिकारियों ने ब्रिगेडियर तेजिंदर सिंह बावा और कर्नल अभिषेक उनियाल को राष्ट्रीय ट्रॉफी तथा कुकी बावा को बस्तर की कलाकृति देकर अभिनंदन किया।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर जिला अध्यक्ष सूरज यादव, कोषाध्यक्ष सोमेश्वर भारती, मातृशक्ति अध्यक्ष चांदनी कोर्राम सहित परिषद के अन्य पदाधिकारी, सदस्य और निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण ले रहे युवक-युवतियां बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। यह आयोजन सैन्य परिवार के कल्याण और राष्ट्रसेवा के प्रति उनकी अटूट भावना को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित हुआ।



