संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
केशकाल: सड़क नवीनीकरण के लिए एक्शन मोड में पुलिस अधीक्षक, अवैध अतिक्रमण और ट्रैफिक व्यवस्था का लिया जायजा
उजाला टुडे कोंडागांव 3 दिसम्बर 2026- कोंडागांव: केशकाल: केशकाल नगर में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के नवीनीकरण कार्य को गति देने और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए कोंडागांव पुलिस अधीक्षक (SP) पंकज चंद्रा शुक्रवार को मैदान में उतरे। उन्होंने प्रशासनिक अमले के साथ शहर का पैदल भ्रमण कर वस्तुस्थिति का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
एसडीएम कार्यालय में हुई उच्चस्तरीय बैठक
निरीक्षण से पूर्व एसपी पंकज चंद्रा एसडीएम कार्यालय में आयोजित विशेष बैठक में शामिल हुए। इस बैठक में सड़क निर्माण के दौरान आने वाली बाधाओं, जैसे रूट डायवर्जन और अवैध अतिक्रमण को हटाने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र देव पटेल, अपर कलेक्टर चित्रकान्त चाली ठाकुर, एसडीएम आकांक्षा नायक और एसडीओपी अरुण नेताम सहित एनएच और राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
पैदल भ्रमण कर दिए सख्त निर्देश
बैठक के बाद अधिकारियों के दल ने डिपो चौक से लेकर थाना परिसर तक पैदल मार्च किया। इस दौरान एसपी ने सड़क के दोनों ओर नाली तक किए गए अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क चौड़ीकरण के कार्य में किसी भी प्रकार का व्यवधान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
लापरवाह वाहन चालकों पर गिरी गाज
निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के कारण यातायात बाधित होता पाया गया। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल कार्यवाही करते हुए 25 वाहनों पर चालानी कार्यवाही की, जिससे लगभग 7,500 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
“केशकाल मुख्य मार्ग का पुनर्निर्माण जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। मार्ग चौड़ीकरण में आने वाले सभी अतिक्रमणों को हटाने के लिए जल्द ही एक समयबद्ध विशेष अभियान चलाया जाएगा।”
— पंकज चंद्रा, पुलिस अधीक्षक, कोंडागांव
आमजन और व्यापारियों से अपील
एसपी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि:
- वाहन केवल नगर पंचायत द्वारा चिन्हित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें।
- यात्री बस संचालक शहर के भीतर ओवरस्पीडिंग और ओवरटेकिंग से बचें।
- दुकानदार स्वयं पहल कर अपना अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा प्रशासन द्वारा कड़ी कार्यवाही की जाएगी।


