संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
कोंडागांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पेट्रोल-डीजल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार
उजाला टुडे कोंडागांव 19 फरवरी 2026-कोंडागांव: जिला पुलिस द्वारा आपराधिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष धरपकड़ अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अवैध रूप से चोरी का डीजल और पेट्रोल रखने व बेचने की फिराक में लगे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में ईंधन और एक वाहन सहित कुल ₹4.45 लाख का सामान बरामद किया है।
मुखबिर की सूचना पर दी दबिश
पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा व एसडीओपी रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चंद्रशेखर श्रीवास के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी। 18 फरवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि ‘बड़े उसरी’ स्थित सेठिया ढाबा में कुछ लोग चोरी का पेट्रोल-डीजल खपाने की तैयारी में हैं।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने ढाबे पर घेराबंदी कर रेड मारी। मौके पर एक ‘छोटा हाथी’ वाहन (CG 27 L 9238) के पास दो संदिग्ध व्यक्ति मिले, जिनसे पूछताछ करने पर उनकी पहचान सांतुराम कश्यप (मर्दापाल) और उमेश सेठिया (बड़े उसरी) के रूप में हुई।
भारी मात्रा में मसरूका बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने निम्नलिखित सामग्रियां जब्त कीं:
-
- वाहन: टाटा ‘छोटा हाथी’ (कीमत लगभग ₹4 लाख)।
- ईंधन: कुल 468 लीटर (340 लीटर डीजल और 128 लीटर पेट्रोल) जिसकी कीमत ₹45,268 आंकी गई है।
- कुल जब्ती: ₹4,45,228 मूल्य का सामान।
पुलिस की कार्रवाई: आरोपियों के विरुद्ध बीएनएसएस (BNSS) की धारा 35(1+5) एवं बीएनएस (BNS) की धारा 303(2) के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई है।
कार्रवाई में शामिल टीम
इस सफल अभियान में निरीक्षक चंद्रशेखर श्रीवास, सौरभ उपाध्याय, उप निरीक्षक संजय भट्टी, सहायक उप निरीक्षक राजकुमार कोमरा, प्रधान आरक्षक अशोक मरकाम, आरक्षक प्रभु नेताम, महिला आरक्षक जमुना कश्यप और चालक सैनिक योगेश साहू का प्रमुख योगदान रहा।


