संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
केशकाल पुलिस की बड़ी कार्यवाही: अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 11 लाख का गांजा और लग्जरी कार जप्त
उजाला टुडे कोंडागांव 06 मार्च 2026- केशकाल :कोंडागांव जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केशकाल पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घेराबंदी कर राजस्थान के एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा और एक वोक्सवैगन कार बरामद की गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अभियान
यह पूरी कार्यवाही पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.) के कड़े निर्देशानुसार संचालित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (SDOP) केशकाल अरुण कुमार नेताम के करीबी पर्यवेक्षण में अवैध शराब, गांजा तस्करी और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
फिल्मी स्टाइल में पीछा कर पकड़ा गया आरोपी
5 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओड़िशा से रायपुर की ओर एक काले रंग की वोक्सवैगन कार (MH02 BR 0045) में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। थाना केशकाल के सामने नाकाबंदी (MCP) के दौरान जब पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने रफ्तार बढ़ा दी और कांकेर की ओर भागने लगा।
पुलिस टीम ने शासकीय वाहन से पीछा किया। तस्कर ने पुलिस सहायता केन्द्र दादरगढ़ के पास बैरिकेड्स को भी ठोकर मारी, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतर गई। चालक ने पैदल भागने की कोशिश की, जिसे पुलिस बल ने घेराबंदी कर धर दबोचा।
जप्ती और आरोपी का विवरण
तलाशी के दौरान कार की डिक्की से भूरे रंग के टेप से पैक किए हुए 27 पैकेट बरामद हुए।
- आरोपी: शैतान सिंह गौर (28 वर्ष), निवासी- मुरलिया, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)।
- जप्त गांजा: 112.076 किलोग्राम।
- अनुमानित कीमत: ₹11,20,760 (ग्यारह लाख बीस हजार सात सौ साठ रुपये)।
- वाहन: काले रंग की वोक्सवैगन कार (MH02 BR 0045)।
कार्यवाही में शामिल टीम
आरोपी के विरुद्ध NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस सफल कार्यवाही में निम्नलिखित अधिकारियों और जवानों की मुख्य भूमिका रही: विकास बघेल (थाना प्रभारी, केशकाल),सउनि सुरेश मरकाम,प्र.आर. प्रशांत जुर्री,आरक्षक: मानिक मरापी, गिरधारी नेताम, कमलेश कंवर, अमित मण्डावी,गोपनीय सैनिक: आत्मानंद कुलदीप
