स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए बैलाडीला प्रेस क्लब की सराहनीय पहल, प्रशासन से सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था की अपील

उजाला टुडे न्यूज
30 जून 2026
संवाददाता फलेश्वरी (रितु साहू )
किरंदुल। नगर के नन्हे विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बैलाडीला प्रेस क्लब ने एक सराहनीय एवं जनहितकारी पहल की है। प्रेस क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) बड़े बचेली एवं थाना प्रभारी किरंदुल को ज्ञापन सौंपकर विद्यालयीन समय के दौरान यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु बनाने का आग्रह किया।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि नगर के बीआईओपी स्कूल, केंद्रीय विद्यालय, डीएवी पब्लिक स्कूल, प्रकाश विद्यालय तथा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों में प्रतिदिन सुबह 7:45 बजे से 8:15 बजे के बीच बड़ी संख्या में विद्यार्थी विद्यालय पहुंचते हैं। इसी समय अभिभावकों, स्कूल वाहनों तथा आम नागरिकों की आवाजाही भी चरम पर रहती है, जिससे यातायात का दबाव स्वाभाविक रूप से बढ़ जाता है।
प्रेस क्लब ने सुझाव दिया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस समयावधि में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के भारी वाहनों के आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग अथवा अलग समय निर्धारित किया जाए। इस व्यवस्था से न केवल दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी, बल्कि यातायात भी अधिक व्यवस्थित रहेगा और आम नागरिकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
बैलाडीला प्रेस क्लब ने विश्वास व्यक्त किया कि जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, औद्योगिक प्रबंधन एवं नगरवासियों के समन्वित प्रयासों से ऐसी आदर्श यातायात व्यवस्था विकसित की जा सकती है, जो बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ नगर की सुव्यवस्थित यातायात प्रणाली का प्रेरणादायक उदाहरण बने।
प्रेस क्लब ने आशा जताई कि बच्चों की सुरक्षा और जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण सुझाव पर प्रशासन संवेदनशीलता एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आवश्यक कदम उठाएगा। यदि यह पहल अमल में आती है तो यह न केवल विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए राहत का कारण बनेगी, बल्कि सुरक्षित, जिम्मेदार और संवेदनशील समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी सिद्ध होगी।
