संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
राखी मनाने ससुराल गया था परिवार, सूने मकान का वेंटिलेशन तोड़कर लाखों के जेवर और नकदी पार
उजाला टुडे कोंडागांव 04 सितंबर 2026-कोण्डागांव: रक्षाबंधन का त्योहार मनाने परिवार सहित बाहर जाना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। शहर के सरगीपाल इलाके में सूने मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने वेंटिलेशन के रास्ते भीतर दाखिल होकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 85 हजार रुपये नकद पार कर दिए। पीड़ित की शिकायत पर कोण्डागांव पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वेंटिलेशन तोड़कर बेडरूम में घुसे चोर
सरगीपाल निवासी चित्तरंजन साहू (30 वर्ष) 28 अगस्त की सुबह रक्षाबंधन का त्योहार मनाने के लिए परिवार सहित अपने ससुराल नगरी (जिला धमतरी) गए हुए थे। घर को सूना पाकर अज्ञात चोरों ने मकान के वेंटिलेशन को तोड़ दिया और खिड़की के रास्ते सीधे बेडरूम में प्रवेश किया। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे 85 हजार रुपये नकद और लाखों के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया।
लौटने पर बिखरा मिला सामान, ताले टूटे
अगले दिन 29 अगस्त की शाम करीब 7 बजे जब चित्तरंजन साहू घर लौटे, तो मुख्य कमरे और अलमारी की हालत देखकर दंग रह गए। कमरे का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और अलमारी का ताला टूटा हुआ था। नकदी और गहने गायब देख उन्होंने फौरन कोण्डागांव थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी।
BNS की धाराओं में मामला दर्ज, जांच तेज
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 एवं 331(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुराग जुटाए जा रहे हैं और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







