डीएवी पब्लिक स्कूल किरंदुल में ब्रह्मोस मिसाइल परियोजना के पूर्व डायरेक्टर जनरल अतुल दिनकर राणे का प्रेरणादायी आगमन

उजाला टूडे न्यूज
30 जुलाई 2026
संवाददाता फलेश्वरी ( रितु साहू )
किरंदुल। डीएवी पब्लिक स्कूल, किरंदुल में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित “विशिष्ट व्यक्तित्व प्रेरणा एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम” के अंतर्गत डीआरडीओ की ब्रह्मोस मिसाइल परियोजना के पूर्व डायरेक्टर जनरल श्री अतुल दिनकर राणे का गरिमामय आगमन हुआ। उनके विद्यालय पहुंचने पर विद्यालय के प्राचार्य श्री एस. के. श्रीवास्तव ने पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
अपने स्वागत उद्बोधन में प्राचार्य श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसे महान वैज्ञानिकों एवं सफल व्यक्तित्वों का सान्निध्य विद्यार्थियों के भीतर आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, दृढ़ इच्छाशक्ति एवं वैज्ञानिक सोच का विकास करता है। उन्होंने कहा कि सफलता का मार्ग कठिनाइयों और असफलताओं से होकर गुजरता है तथा उनसे सीख लेकर ही जीवन में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त की जा सकती हैं।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में श्री अतुल दिनकर राणे ने विद्यार्थियों को विज्ञान, भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित, सूचना प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), मशीन लर्निंग, मिसाइल तकनीक एवं राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अत्यंत सरल, रोचक एवं ज्ञानवर्धक शैली में जानकारी दी। उन्होंने ब्रह्मोस मिसाइल परियोजना से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, कठिन परिश्रम करने और विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा, “असफलता जीवन की पहली सीढ़ी है। असफल होना बड़ी बात नहीं, बल्कि उससे सीख लेकर आगे बढ़ना ही वास्तविक सफलता है। ज्ञान, अनुशासन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर भारत को विश्व में नई ऊँचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।”कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अत्यंत उत्साह, जिज्ञासा एवं आत्मविश्वास के साथ विज्ञान, रक्षा तकनीक, एआई, मिसाइल निर्माण एवं भविष्य की तकनीकों से जुड़े विषयों का अनुकरण किया । विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच, सीखने की ललक, अनुशासन और प्रतिभा की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि डीएवी पब्लिक स्कूल किरंदुल के छात्र-छात्राओं में अपार संभावनाएँ हैं और उचित मार्गदर्शन एवं निरंतर परिश्रम से वे भविष्य में देश का नाम अवश्य रोशन करेंगे। उन्होंने विद्यालय के समर्पित शिक्षक-शिक्षिकाओं की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि किसी भी विद्यार्थी की सफलता के पीछे उसके गुरुजनों का अथक परिश्रम, मार्गदर्शन और संस्कार महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि डीएवी विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, वैज्ञानिक सोच, नैतिक मूल्यों एवं उत्कृष्ट शिक्षा के लिए जिस समर्पण और निष्ठा से कार्य कर रहे हैं, वह अत्यंत सराहनीय है। इस अवसर पर डॉ. अंजू राणे, डॉ. विन्नी संधू, एसकेएमएस के सचिव श्री राजेश संधू एवं श्रीमती तेजिंदर कौर संधू सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ, शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। सभी ने पूरे कार्यक्रम को अत्यंत प्रेरणादायी, ज्ञानवर्धक एवं अविस्मरणीय बताया।
कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक श्री अजय कुमार झा ने किया। अंत में विद्यालय परिवार ने श्री अतुल दिनकर राणे के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके प्रेरणादायी विचार विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए लंबे समय तक प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।
