सर्वधर्म सद्भाव से गूंजा किरंदुल, एकता की तस्वीर बनी मिसाल मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) के सर्वसमाज–सर्वधर्म सद्भाव महोत्सव में एक मंच पर आए विभिन्न समाज और धर्मों के प्रतिनिधि
उजाला टुडे न्यूज 02 अक्टूबर 2026
संवाददाता फलेश्वरी ( रितु साहू )
किरंदुल। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती के अवसर पर मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक), शाखा किरंदुल द्वारा आयोजित सर्वसमाज–सर्वधर्म सद्भाव महोत्सव ने नगर में एकता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव की सुंदर मिसाल प्रस्तुत की। आयोजन की चर्चा पूरे नगर में रही, जहां विभिन्न धर्मों, समाजों, वर्गों और समुदायों के लोग एक मंच पर नजर आए।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8 बजे सीआईएसएफ मुख्य चेक पोस्ट से सद्भावना प्रभात फेरी के साथ हुआ। विभिन्न समाजों, संगठनों एवं विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रभात फेरी गांधी भवन पहुंची, जहां अतिथियों का अभिनंदन किया गया तथा महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। यूनियन सचिव श्री ए. के. सिंह ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि आयोजन का उद्देश्य गांधी–शास्त्री जयंती के साथ-साथ किरंदुल के विभिन्न समाजों एवं धर्मों को एक मंच पर लाकर प्रेम, सम्मान, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करना है। समारोह में एकता कलश में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों द्वारा पुष्प अर्पित किए गए। अलग-अलग पुष्पों का एक कलश में मिलना सामाजिक एकता का प्रतीक बना। सर्वधर्म सभा में श्री राघव मंदिर के धर्माचार्य/प्रधान पुजारी, मौलवी, पादरी एवं ज्ञानी जी की सहभागिता रही। विभिन्न धर्मगुरुओं ने शांति, प्रेम, आपसी सम्मान और भाईचारे का संदेश दिया। एस. भारती ग्रुप की देशभक्ति प्रस्तुति ने समारोह में उत्साह और गरिमा का संचार किया। समारोह का विशेष आकर्षण मशाल हस्तांतरण रहा। मुख्य अतिथि श्री रविन्द्र नारायण, अधिशासी निदेशक, बीआईओएम किरंदुल कॉम्प्लेक्स ने बच्चों को मशाल सौंपी। प्रत्येक विद्यालय से पांच-पांच बच्चों ने सहभागिता की। मशाल को एकता, सद्भाव, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की ज्योति का प्रतीक बताया गया।श्री आशीष यादव, महामंत्री, केंद्रीय साथी श्रम संघ एवं संयुक्त खदान मजदूर संघ, किरंदुल, मानव संसाधन प्रमुख तथा श्री जे. सी. दास, मुख्य महाप्रबंधक (उत्पादन) ने भी संबोधित किया। मुख्य अतिथि श्री रविन्द्र नारायण ने गांधी एवं शास्त्री के सत्य, अहिंसा, सादगी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया lकार्यक्रम में स्वच्छता एवं सामाजिक क्षेत्र में योगदान देने वाले सेवाभावी नागरिकों और समाजसेवियों का सम्मान किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह की गरिमा बढ़ाई। शाम 5 बजे स्वच्छता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ किरंदुल का संदेश दिया गया। मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) का यह आयोजन श्रमिक हितों के साथ व्यापक सामाजिक सरोकारों को जोड़ने वाली पहल के रूप में सामने आया। विभिन्न धर्मों, समाजों, धर्मगुरुओं, संगठनों, विद्यार्थियों और नागरिकों की सहभागिता ने आयोजन को व्यापक स्वरूप दिया।प्रभात फेरी ने नगर को जोड़ा, एकता कलश ने समाजों को एक सूत्र में बांधा और मशाल ने नई पीढ़ी को सद्भाव की जिम्मेदारी सौंपी। इस तरह गांधी–शास्त्री जयंती का यह आयोजन किरंदुल में “एकता, भाईचारा और सर्वधर्म सद्भाव” का यादगार संदेश छोड़ गया। मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक), शाखा किरंदुल ने आयोजन में सहभागी सभी अतिथियों, समाजों, धर्मगुरुओं, संगठनों, विद्यालयों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन श्री बी एल तारम तथा श्री दिनेश साहू ने किया धन्यवाद ज्ञापन श्री चिन्नास्वामी ने किया।

