संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
कोंडागांव में नवरात्रि की धूम: रास रंग गरबा दुर्गा मंदिर समिति का भव्य आयोजन
उजाला टुडे कोंडागांव 22 सितम्बर 2025- नवरात्रि के पावन पर्व पर शहर में भक्ति और उत्साह का माहौल छाया हुआ है। इसी कड़ी में, कोंडागांव के चावरा स्कूल के सामने स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में ‘रास रंग गरबा दुर्गा मंदिर समिति’ द्वारा एक भव्य आयोजन किया जा रहा है। किशोर कुमार दुग्गड़ द्वारा निर्मित इस सार्वजनिक दुर्गा मंदिर में नौ दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में माता की आराधना के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हो रहा है।
आयोजन में प्रतिदिन गरबा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल होकर गरबा की धुन पर थिरक रहे हैं। भक्ति और लोक कला का यह संगम भक्तों को खूब पसंद आ रहा है। इस दौरान, मास्टर ट्रेनर बी.आर. न्यूट्रीसाला की संचालिका भूमिका सुराना और उनके साथी रवि पवार और रश्मि राज का विशेष सहयोग मिल रहा है। गरबा के साथ-साथ, समिति ने दर्शनार्थियों और भक्तों के लिए प्रतिदिन स्वाल्पाहार (नाश्ते) की भी व्यवस्था की है।
इस आयोजन को सफल बनाने में दुग्गड़ परिवार का विशेष योगदान है, जिसमें निर्मला दुग्गड़, राजेश दुग्गड़, सुजाता दुग्गड़, यशराज दुग्गड़ और मानवेंद्र दुग्गड़ प्रमुख रूप से शामिल हैं। यह आयोजन धार्मिक सद्भाव और सामुदायिक एकजुटता का एक सुंदर उदाहरण पेश कर रहा है।


