संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
कोंडागांव: किन्नर समाज की अध्यक्ष संतोषी ने सैन्य प्रशिक्षण ले रहे युवाओं को बांटा पौष्टिक आहार, दी नव वर्ष की बधाई
उजाला टुडे कोंडागांव 1 जनवरी 2026- कोंडागांव: नव वर्ष के प्रथम दिन विकास नगर स्टेडियम कोंडागांव में उत्साह और सेवा का संगम देखने को मिला। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद द्वारा संचालित निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण शिविर में पहुँचकर किन्नर समाज कोंडागांव की अध्यक्ष संतोषी किन्नर ने प्रशिक्षणार्थियों का उत्साहवर्धन किया। संतोषी किन्नर ने इस अवसर पर सभी युवक-युवतियों को पौष्टिक आहार वितरित किया और उन्हें उज्जवल भविष्य व नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं।
प्रशिक्षण में ट्रांसजेंडर भी दिखा रहे हैं दम
इस सैन्य प्रशिक्षण की खास बात यह है कि देश सेवा के जज्बे के साथ यहाँ युवक-युवतियों के साथ-साथ ट्रांसजेंडर भी कड़ी मेहनत कर रहे हैं। समाज के सभी वर्गों का एक साथ प्रशिक्षण लेना समावेशी समाज का एक बेहतरीन उदाहरण पेश कर रहा है।
लक्ष्य प्राप्ति के लिए कड़ी मेहनत का आह्वान
कार्यक्रम के दौरान बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा और जिलाध्यक्ष सूरज यादव ने युवाओं को संबोधित करते हुए नए साल की बधाई दी। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जी-तोड़ मेहनत करें और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करें।
देशभक्ति के नारों से गूंजा स्टेडियम
कार्यक्रम के अंत में पूरा स्टेडियम “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम”, “जय जवान जय किसान” और “राष्ट्र का एक कोना- हर घर में होना” जैसे देशभक्तिपूर्ण नारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर परिषद के संरक्षक सुब्रत साहा, जिलाध्यक्ष सूरज यादव, उपाध्यक्ष अजनेर लकड़ा, सदस्य श्रीकांत तिवारी, राकेश धीवर, ढालेश साहू, समाजसेवी मूलचंद जैन सहित प्रशिक्षण ले रहे लगभग 80 युवक-युवतियां उपस्थित रहे।


