उजाला टुडे न्यूज 3 मई 2026

संवाददाता फलेश्वरी (रितु साहू) की रिपोर्ट
किरंदुल में पहली बार होगा 24 घंटे का संगीतमय सामूहिक गायत्री महामंत्र अखंड पाठ
श्री राघव मंदिर परिसर बनेगा आध्यात्मिक चेतना का केंद्र, 15 धार्मिक समितियां एवं मानस-भजन मंडलियां निभाएंगी सहभागिता
किरंदुल। नगर की सुख-शांति, समृद्धि, आध्यात्मिक उन्नति एवं जनकल्याण की मंगलकामना के साथ श्री राघव मंदिर, किरंदुल में पहली बार दो दिवसीय 24 घंटे का संगीतमय सामूहिक गायत्री महामंत्र अखंड पाठ, हवन, महाआरती एवं श्रद्धांजलि सभा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह ऐतिहासिक एवं पुण्यमय धार्मिक अनुष्ठान 06 जून 2026 (शनिवार) प्रातः 10:00 बजे से 07 जून 2026 (रविवार) प्रातः 10:00 बजे तक निरंतर संपन्न होगा।
आयोजन समिति के अनुसार नगर में पहली बार आयोजित हो रहे इस विराट आध्यात्मिक अनुष्ठान को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। श्री राघव मंदिर परिसर 24 घंटे तक गायत्री महामंत्र की दिव्य ध्वनि, भजन, कीर्तन एवं आध्यात्मिक साधना से गुंजायमान रहेगा। आयोजन में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों की धार्मिक समितियां, मानस मंडलियां, जस-भजन मंडलियां तथा सेवा संगठन अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएंगे।
इन धार्मिक समितियों, मानस एवं भजन मंडलियों ने दी सहभागिता की सहमति
1. गायत्री परिवार, किरंदुल-बचेली-दंतेवाड़ा
2. भारत माता महिला जागरण समिति – श्रीमती अंजली नाग
3. दंतेश्वरी जस एवं भजन मंडली, रामपुर कैंप – श्रीमती ऐनू साहू
4. श्रद्धा मानस मंडली – श्री केशोराम ठाकुर
5. मंदाकिनी जस एवं भजन मंडली – श्रीमती कमला साहू
6. सत्य साईं सेवा समिति – श्रीमती दीपिका ठाकुर
7. भागवत महिला मंडली, बचेली – श्रीमती रजनी केसरवानी
8. नव जागृति जस एवं भजन मंडली, गजराज कैंप – श्रीमती सुभद्रा पटेल
9. आराधना जस एवं भजन मंडली, धरमपुर कैंप – श्रीमती धानेश्वरी साहू
10. बोल बम समिति – श्री अनुप कर
11. सुंदरकाण्ड पाठ सेवा समिति – श्री कृष्णानंद भंडारी एवं समूह
12. श्री परशुराम सेवा समिति, किरंदुल – श्री सुनील कुमार दूबे
13. ज्ञान गंगा मानस परिवार, बचेली – श्री कुशल कुमार साहू
14. कर्मा माता मानस मंडली, बचेली – श्रीमती राधिका साहू
15. सुर संगम भजन एवं जस मंडली – श्री सोमनाथ यादव
आयोजन समिति ने नगर की अन्य धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, प्रादेशिक एवं सेवाभावी संस्थाओं, महिला मंडलियों, युवा संगठनों तथा श्रद्धालु भक्तजनों से भी इस पुण्य अनुष्ठान में समयदान एवं सहभागिता प्रदान करने का आग्रह किया है, ताकि यह आयोजन संपूर्ण नगर की सामूहिक आस्था और एकता का प्रतीक बन सके।
हवन, महाआरती एवं श्रद्धांजलि सभा का भी होगा आयोजन
अखंड गायत्री महामंत्र पाठ की पूर्णाहुति उपरांत 07 जून 2026 को प्रातः 10:00 बजे श्री राघव मंदिर परिसर में गायत्री परिवार किरंदुल, बचेली एवं दंतेवाड़ा द्वारा वैदिक हवन एवं भव्य महाआरती संपन्न की जाएगी।
इसके पश्चात दोपहर 12:00 बजे से 12:30 बजे तक पुजारी आवास परिसर में स्वर्गीय श्रीमती अंतिमा शुक्ला जी की श्रद्धांजलि सभा आयोजित होगी। वहीं दोपहर 12:30 बजे से श्री राघव मंदिर परिसर में समस्त श्रद्धालु भक्तजनों के लिए भोग-प्रसाद की व्यवस्था की गई है।
श्री राम जनकल्याण सेवा समिति (बैलाडीला देवस्थान समिति), श्री राघव मंदिर परिवार एवं गायत्री परिवार ने समस्त नगरवासियों से इस ऐतिहासिक, आध्यात्मिक एवं पुण्यमय आयोजन में सपरिवार उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त करने तथा गायत्री महामंत्र की दिव्य साधना में सहभागी बनने का विनम्र आग्रह किया है।
“गायत्री महामंत्र की पावन ध्वनि से गुंजायमान होगा श्री राघव मंदिर परिसर, जहां 24 घंटे तक भक्ति, साधना, सेवा और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।”
