संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
जंगल में चल रहे जुआ फड़ पर पुलिस का बड़ा छापा; 4 जुआरी गिरफ्तार, 7 गाड़ियां और नकदी जब्त
उजाला टुडे कोंडागांव 09 जून 2026- कोंडागांव पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल में चल रहे जुआ फड़ पर दबिश दी है। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन में फरसगांव पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से ताश के पत्तों के साथ-साथ हजारों रुपये की नकदी, मोबाइल और 7 दोपहिया वाहन जब्त किए हैं।
मुखबिर की सूचना पर जंगल में घेराबंदी
एसडीओपी फरसगांव अरुण नेताम के पर्यवेक्षण में पुलिस को 7 जून को पुख्ता मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कुम्हांग के जंगल किनारे, एक महुआ पेड़ के नीचे बड़े पैमाने पर हार-जीत का दांव लगाया जा रहा है। सूचना मिलते ही फरसगांव पुलिस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए जंगल में घेराबंदी की और जुआ खेल रहे आरोपियों को रंगे हाथों दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की सूची
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी अलग-अलग क्षेत्रों के रहने वाले हैं:
- हरिराम नेताम (35 वर्ष) – निवासी गारावंडी टोपीपारा, थाना केशकाल
- राजकुमार कोर्राम (32 वर्ष) – निवासी बरकई, थाना फरसगांव
- नरेंद्र कुमार बघेल (35 वर्ष) – निवासी पाण्डेआठगांव, थाना फरसगांव
- गजानंद कुमार ताम्रकार (29 वर्ष) – निवासी चिटोटी (बालोद), हाल निवासी कोण्डागां।
लाखों की जब्ती और कानूनी कार्रवाई
बरामद सामग्री: पुलिस ने जुआ फड़ और आरोपियों के कब्जे से ₹9,250 नगद, ताश के 52 पत्ते, एक प्लास्टिक बोरी, 4 मोबाइल फोन और जुआ स्थल पर खड़ी 7 दोपहिया वाहन जब्त की है।
पुलिस ने सभी सामग्रियों को विधिवत जब्त कर आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर श्रीवास्तव, उप निरीक्षक भोजराम भारस्कर, प्रधान आरक्षक फूललाल मरकाम, आरक्षक हीरास मंडावी, शेष पटेल, लक्ष्मीकांत यादव, राजेश यादव, विशेष कोर्राम, बालसाय और साइबर सेल टीम की मुख्य व सराहनीय भूमिका रही।
