संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
विश्रामपुरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: डकैती के 5 आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त नेक्सन कार भी जब्त
मुख्यमंत्री से शिकायत की रंजिश को लेकर धान-मक्का खरीदी फड़ पर दिया था वारदात को अंजाम; कोण्डागांव पुलिस की त्वरित कार्रवाई
उजाला टुडे कोंडागांव 12 जून 2026- कोंडागांव :विश्रामपुरी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए डकैती के मामले में एक बड़ी सफलता हासिल की है। धान और मक्का खरीदी फड़ पर बैठे एक व्यापारी के साथ मारपीट कर लूटपाट करने वाले 05 आरोपियों को पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की नेक्सन कार को भी जब्त कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता सकरू राम नाग (निवासी ग्राम कौन्दकेरा) ने थाना विश्रामपुरी में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार, दिनांक 07 जून 2026 को दोपहर करीब 12:00 बजे वह ग्राम सलना के आश्रित ग्राम उड़िदगांव बांध के पास अपने धान और मक्का खरीदी के फड़ पर बैठा हुआ था।
इसी दौरान एक सफेद रंग की नेक्सन कार (क्रमांक CG 27 K 2722) में सवार होकर गाँव के ही 5 लोग वहाँ पहुँचे। कार से उतरते ही आरोपियों ने पीड़ित से कहा, “तुमने हमारे खिलाफ मुख्यमंत्री के पास शिकायत क्यों की है?” इतना कहते ही आरोपी उत्तेजित हो गए और गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों और थप्पड़ों से पीड़ित की बेदम पिटाई कर दी। जाते-जाते आरोपी पीड़ित के पास रखे ₹2,000/- लूटकर फरार हो गए।
पुलिस की त्वरित घेराबंदी और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोण्डागांव पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी अरूण नेताम के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक शंकर लाल ध्रुव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और घटना के 24 घंटे के भीतर सभी 05 आरोपियों को धर दबोचा। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद दिनांक 08 जून 2026 को उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
-
- ज्ञानदास कोर्राम (49 वर्ष), पिता स्व. मनधर कोर्राम, निवासी कौन्दकेरा प्लाटपारा
- राघवेन्द्र कोर्राम उर्फ रमन (19 वर्ष), पिता ज्ञानदास कोर्राम, निवासी कौन्दकेरा प्लाटपारा
- दौनूराम पटेल (64 वर्ष), पिता स्व. रामदयाल पटेल, निवासी कौन्दकेरा (केदारनाथ चौक)
- फुलसिंग कोर्राम (46 वर्ष), पिता स्व. बोरिक दास कोर्राम, निवासी कौन्दकेरा
- रोहित राम पाण्डे (46 वर्ष), पिता स्व. रामचरण पाण्डे, निवासी कौन्दकेरा पाण्डेपारा
जब्ती और वैधानिक कार्रवाई:
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की नेक्सन कार (क्रमांक CG 27 K 2722) को जब्त कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस त्वरित और सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शंकर लाल ध्रुव, सहायक उपनिरीक्षक (सउनि) सुकेन्द्र कश्यप, अभिराम मेश्राम, प्रधान आरक्षक देवार्चन सिदार, आरक्षक महेश कुंजाम, मानकू मरकाम, राम नाग तथा महिला आरक्षक जया पाण्डे एवं बबीता शोरी का विशेष और सराहनीय योगदान रहा।
