संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
कोण्डागांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार
उजाला टुडे कोंडागांव 12 जून 2026-कोण्डागांव:थाना बयानार पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दुष्कर्म के एक आरोपी को रिपोर्ट दर्ज होने के महज 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पिछले 12 वर्षों से पीड़िता को शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण कर रहा था और अंत में शादी करने से मुकर गया।
12 साल तक शादी का झांसा, 6 बार कराया गर्भपात
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 10 जून 2026 को ग्राम चेरंग स्कुलपारा निवासी 33 वर्षीय प्रार्थिया ने थाना बयानार में रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि उसी के गांव के दशमन नेताम के साथ उसका पिछले 12 वर्षों से प्रेम संबंध था। इस दौरान आरोपी ने शादी का प्रलोभन देकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए। इस बीच पीड़िता 6 बार गर्भवती भी हुई, लेकिन आरोपी ने उसे जबरन टेबलेट खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया।
सामाजिक बैठक भी रही बेअसर, दोबारा की जबरदस्ती
मामले को सुलझाने के लिए गांव के पटेल, सरपंच और प्रमुख लोगों ने सामाजिक स्तर पर बैठक भी की थी, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। इसके बाद, बीते शनिवार (6 जून 2026) को जब पीड़िता आरोपी के घर कोई सामान लेने गई, तब आरोपी दशमन नेताम ने उसके साथ दोबारा जबरन शारीरिक संबंध बनाया और बाद में शादी करने से साफ इनकार कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर थाना बयानार में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में घेराबंदी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कोण्डागांव पुलिस अधीक्षक (IPS) पंकज चन्द्रा के दिशा-निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रूपेश कुमार डाण्डे एवं एसडीओपी रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में थाना स्तर पर एक विशेष टीम का गठन किया गया।
थाना प्रभारी उपनिरीक्षक प्रेमनाथ बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की लगातार तलाश कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी पुलिस को चकमा देने की नीयत से गांव में ही छिपकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आरोपी के निवास स्थान पर घेराबंदी की और उसे धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
महज 10 घंटे में सलाखों के पीछे पहुँचा आरोपी
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद थाना प्रभारी प्रेमनाथ बघेल के कुशल नेतृत्व और अनुभव के कारण आरोपी दशमन नेताम को महज 10 घण्टे के भीतर (11 जून 2026 को दोपहर 2:30 बजे) विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। मामला गैर-जमानती होने के कारण रिमांड फॉर्म तैयार कर आरोपी को माननीय सीजेएम न्यायालय कोण्डागांव में पेश किया जा रहा है।
इस त्वरित कार्रवाई और आरोपी को दबोचने में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक प्रेमनाथ बघेल के साथ हमराह स्टाफ:
- सउनि चिंता राम ध्रुव,सउनि भूपेंद्र सिंह बघेल,प्रधान,आरक्षक (868) आसमन पोटाई,आरक्षक (675) दशरू नेताम,आरक्षक (560) विद्याकांत मरकाम
- ,महिला आरक्षक (850) जगबती मण्डावी,आरक्षक भोला राम मानिकपुरी,आरक्षक बालसिंह सलाम एवं समस्त थाना स्टाफ का विशेष व सराहनीय योगदान रहा।
