संपादक, संजय सोनपिपरे, उजाला टुडे कोंडागांव
विश्रामपुरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार
उजाला टुडे कोंडागांव 19 जून 2026-विश्रामपुरी कोण्डागांव: नाबालिग बच्चियों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने की दिशा में विश्रामपुरी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक नाबालिग लड़की का शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
मेले में दोस्ती, फिर स्कूल में किया दुष्कर्म
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नाबालिग पीड़िता ने १८ जून २०२६ को थाना विश्रामपुरी में उपस्थित होकर लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि मार्च २०२५ में मोबाइल के जरिए उसका परिचय ग्राम गरांजीडिही निवासी पिन्टु शोरी से हुआ था।
१७ अप्रैल २०२५ को पीड़िता विश्रामपुरी मेला देखने आई थी, जहाँ उसकी मुलाकात पिन्टु से हुई। शाम करीब ५ बजे आरोपी पिन्टु उर्फ भूपेन्द्र शोरी ने लड़की को बहला-फुसलाकर दूसरे कार्यक्रम में ले जाने के बहाने अपनी मोटरसाइकिल पर बिठाया और गरांजीडिही के एक स्कूल में ले गया। वहाँ आरोपी ने पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद, शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया।
जान से मारने की धमकी देकर करता रहा शोषण
आरोपी ने पीड़िता को घटना के बारे में किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। डर के कारण पीड़िता चुप रही, जिसका फायदा उठाकर आरोपी लगातार उसे अलग-अलग जगहों पर बुलाकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। आखिरकार, हिम्मत जुटाकर पीड़िता ने परिजनों के साथ थाने पहुँचकर मामला दर्ज कराया।
पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना विश्रामपुरी में अपराध क्रमांक ४५/२०२६ के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा ६४(१), ६४(२)(ड), ८७, ३५१(३) एवं ०६ पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया था।
आरोपी की जानकारी:
नाम: पिन्टु उर्फ भुपेन्द्र शोरी (पिता: श्री सगराम शोरी)
उम्र: २१ वर्ष
निवासी: ग्राम गरांजीडिही, थाना विश्रामपुरी, जिला कोण्डागांव (छ.ग.)
कोण्डागांव पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी अरूण नेताम के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक शंकर लाल धु्रव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पिन्टु उर्फ भुपेन्द्र शोरी को आज दिनांक १९ जून २०२६ को दोपहर ३:२० बजे विधिवत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम:
इस त्वरित और सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक श्री शंकर लाल धु्रव, पीएसआई सुनयना मिंज, सउनि अनिता मेश्राम, अभिराम मेश्राम, प्रधान आरक्षक देवार्चन सिदार, आरक्षक अजय प्रधान, रमेश नेताम, गोविन्द कश्यप, महिला आरक्षक बबीता शोरी और दीपिका नेताम की सराहनीय भूमिका रही।
