संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
कोण्डागांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ग्लैमर बाइक से गांजा तस्करी कर रहे 3 आरोपी गिरफ्तार, ₹1.30 लाख का गांजा जब्त
उजाला टुडे कोंडागांव 17 जून 2026-कोण्डागांव:अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोण्डागांव पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घेराबंदी कर मोटरसाइकिल से गांजा तस्करी कर रहे एक मुख्य आरोपी सहित कुल तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 6.837 किलोग्राम गांजा (कीमत करीब ₹1,30,000) और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही ग्लैमर मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
मुखबिर की सूचना पर नए बस स्टैंड के पास नाकाबंदी
पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा (IPS) के कड़े निर्देशों पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा एवं एसडीओपी रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम लगातार चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि एक व्यक्ति लाल रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल पर नारायणपुर से बायपास रोड होते हुए कोण्डागांव की तरफ गांजा लेकर आ रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने एनएच-30 बायपास तिराहा, नया बस स्टैंड के पास फौरन नाकाबंदी की। चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक (क्र. CG 27 B 9652) को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम व विवरण:
- अमित पोटाई (उम्र 24 वर्ष) – निवासी: बनचपाई खासपारा, थाना बेनुर, जिला कोण्डागांव। (मुख्य तस्कर)
- राजेश मण्डावी (उम्र 25 वर्ष) – निवासी: भानपुरी बेडापारा, थाना व जिला कोण्डागांव। (खरीदार/विक्रेता)
- निहाल पाटील (उम्र 18 वर्ष 1 माह) – निवासी: बाजार पारा, थाना व जिला कोण्डागांव। (सह-आरोपी)
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा, शहर में पुड़िया बनाकर बेचने का था प्लान
मुख्य आरोपी अमित पोटाई को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने चौंकाने वाला खुलासा किया। अमित ने बताया कि वह यह गांजा कोण्डागांव निवासी राजेश मण्डावी के कहने पर उसके पास बेचने के लिए ला रहा था। राजेश मण्डावी और निहाल पाटील मिलकर कोण्डागांव शहर में गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने का अवैध कारोबार करते हैं।
इस खुलासे के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए राजेश और निहाल को भी हिरासत में लिया। दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी अमित पोटाई के खिलाफ धारा 20 (ख) एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज किया है। तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
कुल बरामदगी:
- मादक पदार्थ: 6.837 किलोग्राम गांजा (कीमत ₹1,30,000)
- वाहन: ग्लैमर मोटरसाइकिल (कीमत ₹50,000)
- कुल जुमला जब्ती: ₹1,80,000
इस सफल और त्वरित कार्रवाई में निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, सहायक उप निरीक्षक निहार रंजन मण्डल, प्रधान आरक्षक अशोक कुमार मरकाम, आरक्षक छेदीलाल नेताम, आरक्षक प्रभुलाल नेताम तथा सायबर सेल कोण्डागाँव से प्रधान आरक्षक हरेन्द्र कश्यप, आरक्षक सन्तोष कोडोपी, बिरजू सोडी और बलदेव सोडी की सराहनीय एवं विशेष भूमिका रही।
