
संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, गर्भवती कर तमिलनाडु में अकेला छोड़ा; केशकाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई
उजाला टुडे कोंडागांव 21 जून 2026- केशकाल (कोण्डागांव) शादी का प्रलोभन देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने और उसे गर्भवती कर बीच रास्ते में धोखा देने वाले एक 38 वर्षीय आरोपी को केशकाल पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था, जिसे पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए धर दबोचा।
काम दिलाने के बहाने ले गया, जंगल में किया दुष्कर्म
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 19 जून 2026 को थाना केशकाल में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि अगस्त 2025 में ईश्वर जैन नामक व्यक्ति ने उसे तमिलनाडु चलकर काम करने का झांसा दिया। वह पीड़िता के गांव आया और उसे जंगल के रास्ते से ले जाते समय शादी का झांसा देकर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए।
गर्भवती होने पर छोड़कर भागा आरोपी
इसके बाद आरोपी पीड़िता को तमिलनाडु ले गया, जहाँ एक अंडा कंपनी द्वारा दिए गए कमरे में दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे। इस दौरान पीड़िता गर्भवती हो गई। जब उसने इसकी जानकारी ईश्वर को दी, तो आरोपी ने घर में जरूरी काम होने और जल्द लौटकर शादी करने का झूठा वादा किया और पीड़िता को तमिलनाडु में ही अकेला छोड़कर अपने गांव भाग आया। इसके बाद आरोपी ने वापस जाने से इनकार कर दिया।
मालिक से पैसे मांगकर लौटी पीड़िता, आरोपी ने बंद किया मोबाइल
आरोपी के न लौटने पर पीड़िता ने तमिलनाडु में अपने सेठ (कंपनी मालिक) से पैसे उधार लिए और किसी तरह केशकाल पहुंची। यहाँ आकर जब उसने ईश्वर से मुलाकात की और शादी करने का दबाव बनाया, तो आरोपी ने साफ मना कर दिया और अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गया जेल
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोण्डागांव पुलिस अधीक्षक (SP) पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी अरुण कुमार नेताम के पर्यवेक्षण में केशकाल पुलिस ने टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ईश्वर जैन (उम्र 38 वर्ष), निवासी कुम्हाडकट्टा (भानुप्रतापपुर, कांकेर) हाल मुकाम ग्राम चिखली (थाना आमाबेड़ा, जिला कांकेर) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ उचित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस टीम को मिली सफलता
इस संपूर्ण कार्रवाई में केशकाल थाना प्रभारी निरीक्षक विकास बघेल, सहायक उपनिरीक्षक अनिता मेश्राम, प्रधान आरक्षक ईश्वर नेताम, संजय बिसेन, आरक्षक मनोहर निषाद, अरुण यादव, जितेन्द्र माहला, विनोद मरकाम, लोकेश तारम, जीएस कुलदीप और साइबर सेल कोंडागांव की मुख्य व सराहनीय भूमिका रही।
