संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
कोंडागांव में पल्स पोलियो अभियान की तैयारियां पूरी, 28 जून को 76 हजार से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी ‘दो बूंद जिंदगी की’
उजाला टुडे कोंडागांव 27 जून 2026- कोंडागांव: जिला कोंडागांव में आगामी 28 जून 2026 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, जिले के सभी विकासखंडों में अभियान के सफल संचालन के लिए जोर-शोर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अभियान के तहत जिले के 0 से 5 वर्ष तक के कुल 76,188 बच्चों को पोलियो की खुराक (दो बूंद) पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
781 बूथों पर तैनात रहेंगे स्वास्थ्य कर्मी और मितानिन
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला टीकाकरण अधिकारी के मार्गदर्शन में जिले भर के स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, मितानिनों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए पूरे कोंडागांव जिले में कुल 781 पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जहाँ प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है।
मुनादी और पोस्टर से किया जा रहा व्यापक प्रचार-प्रसार
अभियान की सफलता के लिए ग्रामीण स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। विकासखंड स्तर पर प्रत्येक गाँव में आगामी 28 जून को बच्चों को बूथ तक लाने के लिए गाँव के ‘कोटवारों’ के माध्यम से मुनादी पिटवाई जा रही है। इसके साथ ही दीवार लेखन, पोस्टर और नारा लेखन के जरिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
बाल लकवा से बचाने के लिए CMHO की अपील
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (जिला – कोंडागांव) ने जिले के सभी पालकों और अभिभावकों से भावुक अपील की है। उन्होंने कहा, “सभी माता-पिता अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पल्स पोलियो बूथ पर ले जाकर ‘दो बूंद’ दवा जरूर पिलाएं। अपने बच्चों को बाल लकवा (पोलियो) जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करें और इस देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने में अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराएं।”
