संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
कोण्डागांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पल्सर बाइक की सीट में छिपाकर गांजा तस्करी कर रहे दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, ₹2 लाख का गांजा जब्त
उजाला टुडे 02 जुलाई 2026-कोण्डागांव जिला पुलिस ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और अंतर्राज्यीय तस्करी के खिलाफ एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक पल्सर मोटरसाइकिल से भारी मात्रा में गांजा ले जा रहे दो अंतर्राज्यीय तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक वयस्क और एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) शामिल है, जो ओडिशा से गांजा लाकर मध्य प्रदेश खपाने की फिराक में थे।
एसपी के निर्देश पर दूधगांव चौक पर की गई नाकाबंदी
पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के द्वारा जिले में अवैध गतिविधियों और मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा एवं एसडीओपी कोण्डागांव रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम लगातार चौकसी बरत रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि दो व्यक्ति काले और लाल रंग की पल्सर मोटरसाइकिल (क्रमांक MP 38 MJ 8492) में गांजा छिपाकर व्यापारीगुड़ा (ओडिशा) से मध्य प्रदेश की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल एक्शन लिया और नेशनल हाईवे 30 (NH 30) पर ग्राम दूधगांव चौक के पास मजबूत चेक पोस्ट लगाकर नाकाबंदी कर दी।
बाइक की सीट और डिक्की से निकला गांजा, कुल ₹2.70 लाख का मसरूका जब्त
नाकाबंदी के दौरान मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार आ रही पल्सर बाइक को पुलिस ने रोका। पूछताछ में बाइक चला रहे व्यक्ति ने अपना नाम अखिलेश दुबे (33 वर्ष), निवासी ग्राम नरहेरा, थाना उदयपुरा, जिला रायसेन (म.प्र.) बताया। उसके साथ पीछे एक विधि से संघर्षरत बालक भी बैठा हुआ था।
जब पुलिस ने संदेह के आधार पर मोटरसाइकिल की सघन तलाशी ली, तो तस्करों की चालाकी देखकर हर कोई हैरान रह गया। आरोपियों ने बाइक की डिक्की में 03 किलोग्राम गांजा छिपाया था, जबकि बाकी गांजे को रखने के लिए उन्होंने मोटरसाइकिल की सीट को विशेष रूप से मॉडिफाई कर खाली कराया था और उसमें गांजा भरकर ऊपर से सीट कवर ढक दिया था।
जब्ती का विवरण:
- कुल गांजा: 10.335 किलोग्राम (अनुमानित बाजार मूल्य: ₹2,00,000)
- मोटरसाइकिल: पल्सर (अनुमानित मूल्य: ₹70,000)
- कुल मसरूका: ₹2,70,000
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई, आरोपी भेजे गए जेल
आरोपियों का यह कृत्य नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की धारा 20 (ख) के तहत दंडनीय पाए जाने पर पुलिस ने उनके खिलाफ विधिवत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
इस टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस पूरी सफल कार्रवाई और तस्करों को दबोचने में कोण्डागांव पुलिस और साइबर सेल की टीम की विशेष भूमिका रही, जिसमें मुख्य रूप से शामिल थे:
- पुलिस टीम: निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, सहायक उप निरीक्षक महेश साहू, प्रधान आरक्षक (279) अशोक कुमार मरकाम, प्रधान आरक्षक (255) सनीत शोरी, आरक्षक (571) मोहन क्षत्रिय।
- साइबर सेल टीम: सहायक उप निरीक्षक सुरेंद्र बघेल, प्रधान आरक्षक अजय बघेल, आरक्षक सन्तोष कोडोपी और आरक्षक बिरजू सोरी।
