संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
कोण्डागांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई: यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 33 चालकों से वसूला ₹20,300 समन शुल्क, अभियान रहेगा जारी
उजाला टुडे कोंडागांव 15जुलाई 2026- कोण्डागांव:सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कोण्डागांव पुलिस इन दिनों एक्शन मोड में है। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा (भा.पु.से.) के निर्देशन पर यातायात पुलिस द्वारा बस, भारी वाहनों और बिना नंबर वाले वाहनों के चालकों को जागरूक करने के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) कोण्डागांव रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस की एक विशेष टीम जिले में लगातार चेकिंग अभियान चला रही है। इस अभियान के तहत बिना परमिट के दौड़ने वाले वाहनों, बसों में क्षमता से अधिक सवारी बैठाने वालों और बिना नंबर प्लेट के घूम रहे वाहन चालकों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
33 चालकों पर गिरी गाज, वसूला गया जुर्माना
यातायात नियमों को ताक पर रखने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रवैया अपनाया है। चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 33 वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की गई। इन सभी 33 प्रकरणों में कुल 20,300 रुपये का समन शुल्क (जुर्माना) वसूल किया गया है।
समझाइश के साथ सख्त चेतावनी
कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस टीम ने सभी वाहन चालकों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की समझाइश भी दी। चालकों को बताया गया कि लापरवाही से गाड़ी चलाना न सिर्फ कानूनन अपराध है, बल्कि यह उनकी और दूसरों की जान के लिए भी बेहद खतरनाक है।
यातायात पुलिस की चेतावनी:
“नियमों का उल्लंघन करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। यातायात पुलिस द्वारा यह चेकिंग और जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।”




