संपादक,संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
कोण्डागांव पुलिस की त्वरित कार्रवाई: शादी का झांसा देकर बलात्कार करने वाला आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
उजाला टुडे कोंडागांव 21 जुलाई 2026-कोण्डागांव:शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को कोण्डागांव पुलिस ने चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई है।
क्या है पूरा मामला?
थाना कोण्डागांव से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने थाने में उपस्थित होकर शिकायत दर्ज कराई कि काकड़ाबड़ा निवासी रूपेन कुमार सोरी (23 वर्ष) ने उसे अपने घर ले जाकर उसकी मर्जी के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी ने शादी करने का वचन देकर उसे अपने घर रखा और लगातार बलात्कार करता रहा।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 227/2026, धारा 69 बी.एन.एस. (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम गठित
मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.) ने फरार आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपील चन्द्रा और एसडीओपी रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा
पुलिस टीम आरोपी की लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव काकड़ाबड़ा में ही मौजूद है और भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित घेराबंदी कर आरोपी रूपेन कुमार सोरी को हिरासत में लिया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
आरोपी की जानकारी:
- नाम: रूपेन कुमार सोरी (पिता: धुरवा राम सोरी)
- उम्र: 23 वर्ष
- निवासी: काकड़ाबड़ा, थाना व जिला कोण्डागांव (छ.ग.)
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, उप निरीक्षक अखिलेश धीवर, सहायक उप निरीक्षक आशो मरकाम, आरक्षक सुखी राजपूत, बेदराम चंदेल तथा महिला आरक्षक सोना मरकाम की मुख्य भूमिका रही।

