डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल किरंदुल में छात्र नेतृत्व का नया अध्याय छात्र परिषद का भव्य गठन, नवचयनित प्रतिनिधियों ने ली शपथ
उजाला टुडे न्यूज 06 अगस्त 2026
संवाददाता फलेश्वरी (रितु साहू)
किरंदुल। डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, किरंदुल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्र परिषद (स्टूडेंट कैबिनेट) का गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण गठन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में प्राचार्य श्री एस. के. श्रीवास्तव ने नवचयनित छात्र प्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाते हुए उन्हें नेतृत्व, अनुशासन, सेवा भावना और उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प दिलाया।
इस अवसर पर प्राचार्य श्री एस. के. श्रीवास्तव ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि “नेतृत्व केवल एक पद नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन, समर्पण और उत्तरदायित्व का प्रतीक है। सच्चा नेता वही होता है जो अपने आचरण, कार्यशैली और सकारात्मक सोच से दूसरों को प्रेरित करे तथा पूरी टीम को साथ लेकर आगे बढ़े।”
उन्होंने कहा कि छात्र परिषद विद्यालय और विद्यार्थियों के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करती है तथा विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, निर्णय लेने की योग्यता, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करती है।
प्राचार्य श्री एस. के. श्रीवास्तव सहित विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाओं के कुशल नेतृत्व, दूरदर्शी सोच एवं सतत मार्गदर्शन में डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, किरंदुल शिक्षा, खेल, संस्कृति और नैतिक मूल्यों के क्षेत्र में निरंतर नई उपलब्धियां अर्जित कर रहा है। विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहा है और छात्र परिषद का गठन उसी उद्देश्य की एक महत्वपूर्ण पहल है।
समारोह में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं की सक्रिय सहभागिता एवं प्रेरणादायी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया। शिक्षकों ने नवचयनित छात्र प्रतिनिधियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे अनुशासन, ईमानदारी, सेवा भावना और टीम वर्क के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर विद्यालय की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाएंगे। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को सदैव उत्कृष्टता की ओर अग्रसर रहने तथा अपने व्यवहार और उपलब्धियों से विद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर तक गौरवान्वित करने का संदेश दिया।
नवचयनित छात्र परिषद
स्कूल कैप्टन:
चंद्रभान साहू (कक्षा 12वीं ‘सी’) गीतांजलि साहू (कक्षा 12वीं ‘बी’)
सांस्कृतिक कैप्टन:
गौरव देबनाथ (कक्षा 12वीं ‘ए’) श्रेया (कक्षा 12वीं ‘सी’)
स्पोर्ट्स कैप्टन:
भूपेश ठाकुर (कक्षा 12वीं ‘ए’)तानिया दुर्गा (कक्षा 12वीं ‘बी’)
हाउस कैप्टन:
आकाश हाउस रोहन नायक एवं ममता ओयामीअग्नि हाउस शुभम बाला एवं रिया शाह पृथ्वी हाउस पुनीत निनोल्हा एवं भारती साहू वायु हाउस गौरव साहू एवं सिमरन गुप्ता कार्यक्रम के अंत में सभी नवचयनित छात्र प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं दी गईं तथा आशा व्यक्त की गई कि वे अपने नेतृत्व, अनुशासन और समर्पण से विद्यालय की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

