किरंदुल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया छत्तीसगढ़ का प्रथम पर्व ‘हरेली तिहार’

गजराज कैंप में विशेष पूजा-अर्चना के बाद निकली भव्य बाइक रैली, छत्तीसगढ़ क्लब में हुआ समापन
उजाला टुडे न्यूज़
संवाददाता फलेश्वरी (रितु साहू)
किरंदुल। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा और प्रकृति के प्रति आस्था का प्रतीक प्रदेश का प्रथम पर्व ‘हरेली तिहार’ किरंदुल नगर में बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर किरंदुल नगर के समस्त छत्तीसगढ़िया समाज ने एकजुट होकर अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान एवं सामाजिक एकता का सुंदर संदेश दिया।
हरेली पर्व के अवसर पर गजराज कैंप, किरंदुल में विशेष पूजा-अर्चना की गई। विधि-विधान से पूजा कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं सभी के मंगल की कामना की गई। इसके पश्चात छत्तीसगढ़िया समाज द्वारा भव्य बाइक रैली निकाली गई, जिसमें समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
हरेली के पारंपरिक उल्लास और छत्तीसगढ़ी संस्कृति की छटा के साथ निकली बाइक रैली ने नगर में उत्सव का वातावरण बना दिया। रैली के माध्यम से अपनी लोक संस्कृति, परंपरा, सामाजिक एकता और भाईचारे को सहेजने एवं नई पीढ़ी तक पहुँचाने का संदेश दिया गया।
बाइक रैली का समापन छत्तीसगढ़ क्लब, किरंदुल में हुआ, जहाँ पुनः श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की गई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरण किया गया तथा सभी ने एक-दूसरे को हरेली तिहार की शुभकामनाएँ दीं।
इस आयोजन ने किरंदुल में छत्तीसगढ़ की गौरवशाली संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत करते हुए “अपनी माटी–अपनी संस्कृति–अपनी पहचान” की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।
