संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
कोंडागांव: तीन सूत्रीय मांगों को लेकर बजरंग दल का फूटा गुस्सा, जिला प्रशासन का फूंका पुतला; उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
उजाला टुडे कोंडागांव 03 सितंबर 2026-कोंडागांव: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में स्थानीय समस्याओं और प्रशासनिक अनदेखी के खिलाफ बजरंग दल ने मोर्चा खोल दिया है। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे छत्तीसगढ़ बजरंग दल के संरक्षक डॉ. आशुतोष पांडेय ने मीडिया से बातचीत में बताया कि संगठन ने कुछ दिन पूर्व जिला प्रशासन को तीन प्रमुख जनहित से जुड़ी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा था। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते कार्यकर्ताओं में भारी रोष है।
बजरंग दल की तीन प्रमुख मांगें:
- किसानों के साथ लूट पर रोक: क्षेत्र में डीएपी खाद की किल्लत और किसानों के साथ हो रही कथित आर्थिक लूट व अव्यवस्थाओं को तुरंत समाप्त किया जाए।
- जिला अस्पताल की बदहाली: सरकारें बदलने के बावजूद कोंडागांव जिला अस्पताल की स्थिति जस की तस बनी हुई है। अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाएं पूरी तरह से ‘वेंटिलेटर’ पर हैं, जिसे दुरुस्त किया जाए।
- सड़कों पर आवारा गोवंश की समस्या: सड़कों पर दिन-रात आवारा मवेशी बैठे रहते हैं, जिससे लगातार गंभीर सड़क हादसे हो रहे हैं और गोवंश की जान जा रही है। गोवंश के संरक्षण व सड़कों को मवेशी मुक्त करने के ठोस प्रबंध हों।
डॉ. आशुतोष पांडेय ने प्रशासन को दो-टूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इन तीनों प्रमुख मांगों पर जिला प्रशासन ने शीघ्र संज्ञान लेकर ठोस कदम नहीं उठाए, तो आने वाले दिनों में शहर के भीतर इससे भी अधिक उग्र और प्रचंड जनांदोलन किया जाएगा।

