संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
डोंगरीपारा में धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्मोत्सव: राधा-कृष्ण रूप सज्जा और मटका फोड़ प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया उत्साह
- विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को पाठ्य सामग्री भेंट कर किया गया सम्मानित
- भारत स्काउट एवं गाइड के तत्वावधान में आयोजित हुआ भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम
उजाला टुडे कोंडागांव 05 सितंबर 2026-कोंडागांव:भारत स्काउट एवं गाइड जिला संघ कोंडागांव से संबद्ध शासकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक शाला डोंगरीपारा तथा शासकीय प्राथमिक शाला लोहरापारा में 04 सितंबर 2026 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व हर्षोल्लास व श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला संरक्षक एवं कलेक्टर तथा जिला आयुक्त व जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान के निर्देशानुसार, जिला संगठन आयुक्त (गाइड) संजना हर्मिट एवं जिला सचिव चमन लाल सोरी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का कुशल नेतृत्व एडवांस कब-मास्टर पवन कुमार साहू ने किया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पदम मंडावी उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता प्रधानाध्यापक रामाधीन नरेटी ने की। इस अवसर पर शिक्षक त्रिनाथ मारकंडे, कृष्ण कुमार यादव, स्मृति बक्शी, केतुकी रानी धर, सहदेव मरकाम, अरुणा नेताम सहित बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद रहे।
रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और मटका फोड़ प्रतियोगिता
जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की छटा बिखरी। बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा में राधा-कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, जिसमें नन्हे-मुन्ने बच्चे मनमोहक रूपों में नजर आए। इसके साथ ही दही-हांडी (मटका फोड़) प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवन में उतारने का संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडवांस कब-मास्टर पवन कुमार साहू ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी को भगवान विष्णु के आठवें अवतार के रूप में श्रीकृष्ण का प्राकट्य अधर्म के विनाश और धर्म की पुनर्स्थापना के लिए हुआ था। उन्होंने छात्रों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनकी शिक्षाओं से सीख लेकर सत्य और कर्तव्य पथ पर चलने की प्रेरणा दी।
प्रतिभागियों का सम्मान
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय की कब-बुलबुल टीम के छात्र-छात्राओं का विशेष योगदान रहा। सांस्कृतिक कार्यक्रम, रूप सज्जा प्रतियोगिता और मटका फोड़ में सम्मिलित सभी प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें लेखनी (पेन/पेंसिल), पहाड़ा पुस्तिका एवं कंपास बॉक्स भेंट कर सम्मानित किया गया।





