संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
पुलिस भर्ती के नाम पर 25.30 लाख की ठगी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश, मुख्य सरगना सहित 2 गिरफ्तार
- बस्तर फाइटर और जिला बल में आरक्षक पद का झांसा देकर 15 बेरोजगार युवाओं को बनाया था शिकार
- फरसगांव व कोंडागांव पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, बिलासपुर के तोरवा और भर्शीपारा से दबोचे गए आरोपी
उजाला टुडे कोंडागांव 05 सितंबर 2026-फरसगांव:पुलिस विभाग में नौकरी लगाने का झांसा देकर भोले-भाले बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये ऐंठने वाले एक बड़े ठग गिरोह का कोंडागांव पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। फरसगांव व कोतवाली कोंडागांव पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गिरोह के मुख्य सरगना समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल मोबाइल फोन, पीड़ितों के शैक्षणिक व पहचान दस्तावेज, फाइलें, डायरी और रजिस्टर जब्त किए गए हैं।
ऊंची पहुंच का रौब दिखाकर ऐंठते थे रकम
पुलिस अधीक्षक कोंडागांव पंकज चन्द्रा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी फरसगांव अभिनव उपाध्याय एवं एसडीओपी कोंडागांव रूपेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया था। जांच में सामने आया कि आरोपी खुद की पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों से पहचान होने का झांसा देते थे। वे बस्तर फाइटर और जिला बल में आरक्षक पद पर नौकरी पक्की कराने के नाम पर अभ्यर्थियों से उनके आधार कार्ड, जाति-निवास प्रमाण पत्र सहित मूल दस्तावेज ले लेते थे। इसके बाद एडवांस रकम लेकर फरार हो जाते थे। आरोपियों ने अब तक करीब 15 बेरोजगार युवकों से लगभग 25 लाख 30 हजार रुपये की ठगी को अंजाम दिया है।
3 महीने की तकनीकी जांच और बैंक खातों के विश्लेषण से मिली सफलता
आरोपी लगातार पुलिस को चकमा देकर राज्य के अलग-अलग हिस्सों में ठिकाने बदल रहे थे। पिछले तीन महीनों से पुलिस टीम पीड़ितों के बैंक खातों से आरोपी के खातों में ट्रांसफर की गई रकम का तकनीकी विश्लेषण कर रही थी। मोबाइल लोकेशन और बैंक खातों से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी शत्रुघ्न टंडन को तोरवा (बिलासपुर) से तथा उसके साथी बुध सिंह मरकाम को भर्रीपारा (फरसगांव) से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
- शत्रुघ्न टंडन (उम्र 48 वर्ष), निवासी- खेमहापारा, मस्तूरी, हाल मुकाम- देवरीखुर्द, तोरवा (बिलासपुर)
- बुध सिंह मरकाम (उम्र 42 वर्ष), निवासी- ग्राम भर्रीपारा , थाना फरसगांव (कोंडागांव)
दर्ज अपराध (कुल 4 प्रकरण):
- थाना फरसगांव: अपराध क्रमांक 49/2024 (धारा 420, 34 भादवि), अपराध क्रमांक 98/2026 (धारा 318(4), 3(5) बीएनएस), अपराध क्रमांक 99/2026 (धारा 318(4), 3(5) बीएनएस)
- थाना कोतवाली कोंडागांव: अपराध क्रमांक 275/2026 (धारा 318(4) बीएनएस)
सराहनीय भूमिका:
इस अंतरजिला गिरोह को पकड़ने में एसडीओपी फरसगांव अभिनव उपाध्याय, एसडीओपी कोंडागांव रूपेश कुमार, फरसगांव थाना प्रभारी निरीक्षक चन्द्रशेखर श्रीवास, कोंडागांव थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, उप निरीक्षक शशिभूषण पटेल, आरक्षक अजरंग बघेल, संदेश सोरी, कृष्णा सोनवानी, कृष्ण सेठिया, महिला आरक्षक श्यामा मंडावी और जिला साइबर सेल की टीम का सराहनीय योगदान रहा।

