संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
देवांगन समाज का अभिनव पहल: कोंडागांव में सफल परिचय सम्मेलन, परमेश्वरी जयंती पर होगा सामूहिक विवाह
उजाला टुडे कोंडागांव 27 अक्टूबर 2025- कोंडागांव के आड़काछेपड़ा वार्ड में 26 अक्टूबर 2025 को देवांगन समाज द्वारा विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए एक भव्य परिचय सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। समाज को एकजुट करने और युवाओं को उपयुक्त जीवनसाथी चुनने में मदद करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
30 युवक-युवतियों ने दिया परिचय
इस सम्मेलन में विवाह योग्य युवक-युवतियों ने मंच पर आकर आत्मविश्वास के साथ अपना परिचय दिया। कुल 30 युवक-युवतियों ने पंजीयन कराया और अपनी शिक्षा, पारिवारिक पृष्ठभूमि तथा रुचियों को साझा किया। समाज का लक्ष्य था कि वर-वधु चयन की प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी और सहज हो सके।
बस्तर संभाग से 500 लोगों की उपस्थिति
कार्यक्रम में कोंडागांव, बस्तर, नारायणपुर और कांकेर जिलों से करीब 500 लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अतिथियों ने इस तरह के आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि ये समाज को जोड़ने और युवाओं को एक बेहतर भविष्य की ओर बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
परमेश्वरी जयंती पर सामूहिक विवाह की तैयारी
समाज के अध्यक्ष सुरेश देवांगन ने इस अवसर पर एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि समाज की ओर से आने वाली परमेश्वरी जयंती के पावन अवसर पर सामूहिक विवाह का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह के खर्चों से राहत दिलाकर उनकी सहायता करना है।
देवांगन समाज का यह परिचय सम्मेलन और सामूहिक विवाह की घोषणा, सामाजिक सद्भाव और सहायता की दिशा में एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करती है।

