संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
कोण्डागांव पुलिस की बड़ी कामयाबी: 24 घंटे में दो नाबालिगों सहित 5 महिलाएं बरामद
उजाला टुडे कोंडागांव 19 अप्रैल 2026-कोण्डागांव: जिला पुलिस कोण्डागांव ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ और ‘ऑपरेशन तलाश’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए महज 24 घंटों के भीतर दो अपहृत नाबालिगों को बरामद किया है, साथ ही पिछले कुछ समय से लापता तीन अन्य महिलाओं को भी सुरक्षित ढूंढ निकाला है।
अपहरण के 24 घंटे के भीतर कार्रवाई
मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 17 अप्रैल 2026 को एक प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 13 वर्षीय पुत्री और भांजी को किसी अज्ञात व्यक्ति ने बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना कोण्डागांव में अपराध क्रमांक 107, 108 / 2026 (धारा 137 (2) बीएनएसएस) के तहत मामला दर्ज किया गया।
ऑपरेशनों के तहत मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक श्री आकाश श्रीश्रीमाल (भा.पु.से.) के निर्देश और एएसपी कपील चन्द्रा के मार्गदर्शन में एसडीओपी रूपेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया।
-
- ऑपरेशन मुस्कान: टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना तंत्र की मदद से ग्राम कोचईबेड़ा (थाना बड़े डोंगर) में दबिश देकर दोनों नाबालिगों को सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया।
- ऑपरेशन तलाश: इसी अभियान के तहत पुलिस ने तीन अन्य गुमशुदा महिलाओं को भी दस्तयाब किया:
- कुमारी अंजली मरकाम (18 वर्ष): निवासी जैतपुरी, जो 06 अप्रैल से लापता थीं।
- कुमारी रोहिता मरकाम (21 वर्ष): निवासी कोपाबेड़ा, जिन्हें नगरनार से बरामद किया गया।
- सुरजोतिन यादव (65 वर्ष): निवासी कोण्डागांव, जो 05 मार्च से लापता थीं, उन्हें आज 19 अप्रैल को बरामद किया गया।
“जिले में परिवारों की खुशियां लौटाने के लिए ऑपरेशन मुस्कान और तलाश निरंतर जारी रहेंगे। पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से ही 48 घंटों के भीतर 5 लोगों को सुरक्षित परिजनों से मिलाया जा सका है।”
— कोण्डागांव पुलिस प्रशासन
सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, उप निरीक्षक तरुण माईती, सउनि निहार रंजन मण्डल, महिला प्रधान आरक्षक विमला माला, रेवती सिन्हा, आरक्षक रामेश्वर भगत और प्रभु राम नेताम की विशेष भूमिका रही। पुलिस की इस तत्परता की क्षेत्र में काफी सराहना हो रही है।
