49 स्वर्ण सहित 76 पदकों पर डीएवी पब्लिक स्कूल किरंदुल का ऐतिहासिक कब्जा

उजाला टुडे न्यूज 27 जुलाई 2026
संवाददाता फलेश्वरी (रितु साहू)
शानदार प्रदर्शन से पूरे बस्तर में लहराया जीत का परचम, जोनल प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों ने बनाया स्थान
किरंदुल। डीएवी स्पोर्ट्स नेशनल क्लस्टर स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन 25 से 27 जुलाई 2026 तक दंतेवाड़ा में संपन्न हुआ। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल, किरंदुल के छात्र-छात्राओं ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और अदम्य आत्मविश्वास का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय ने 49 स्वर्ण, 9 रजत एवं 18 कांस्य सहित कुल 76 पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम रखा। इस ऐतिहासिक सफलता के साथ विद्यालय के कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने आगामी जोनल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भी अपना स्थान सुनिश्चित किया। विद्यालय के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में मनीष कुमार सोढ़ी , सागर बघेल , चंद्रभान साहू , रितिका वट्टी एवं दीप्ति सोनवानी का प्रदर्शन विशेष रुप से सराहनीय रहा ।
अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग की विभिन्न स्पर्धाओं में डीएवी किरंदुल के खिलाड़ियों ने एक के बाद एक शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। बालिका वर्ग ने 28 स्वर्ण, 3 रजत एवं 3 कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया, वहीं बालक वर्ग ने 21 स्वर्ण, 6 रजत एवं 15 कांस्य पदक अपने नाम कर सफलता की नई इबारत लिखी। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे किरंदुल और दंतेवाड़ा जिले को गौरवान्वित किया है।
विद्यालय के प्राचार्य एस.के. श्रीवास्तव ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कठिन मेहनत, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि डीएवी पब्लिक स्कूल शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्टता को समान महत्व देता है और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
इस शानदार उपलब्धि के पीछे खेल शिक्षक मनोज कुमार सिंह एवं शिक्षिका तृप्ति प्रसाद का समर्पित प्रशिक्षण, नियमित अभ्यास और अथक परिश्रम सराहनीय रहा। दोनों प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें प्रतियोगिता के लिए मानसिक एवं शारीरिक रूप से तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विद्यालय की इस ऐतिहासिक सफलता में केवल खिलाड़ियों और खेल प्रशिक्षकों का ही नहीं, बल्कि समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, कार्यालयीन कर्मचारियों एवं पूरे विद्यालय परिवार का भी अमूल्य योगदान रहा। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों का निरंतर मार्गदर्शन, उत्साहवर्धन और प्रेरणा देकर उनमें आत्मविश्वास का संचार किया। विद्यालय का अनुशासित, सकारात्मक एवं प्रेरणादायी शैक्षणिक वातावरण खिलाड़ियों की सफलता का मजबूत आधार बना। प्राचार्य एस.के. श्रीवास्तव के कुशल नेतृत्व, सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की समर्पित कार्यशैली तथा खेल विभाग की अथक मेहनत ने इस उपलब्धि को संभव बनाया। यह सफलता डीएवी पब्लिक स्कूल, किरंदुल की उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं खेल संस्कृति का जीवंत प्रमाण है।
विद्यालय परिवार की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर अभिभावकों, क्षेत्रवासियों एवं खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों, प्राचार्य, खेल शिक्षकों तथा समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि डीएवी पब्लिक स्कूल, किरंदुल के खिलाड़ी आगामी जोनल एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, किरंदुल, दंतेवाड़ा और पूरे बस्तर का नाम देशभर में नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएंगे।
