किरंदुल में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर अनोखी पहल
समाजसेवी ने बेटी के जन्मदिवस पर स्कूली बच्चों को बांटे स्टेशनरी उपहार

उजाला टुडे न्यूज 16 अगस्त 2026
संवाददाता फलेश्वरी (रितु साहू)
किरंदुल। देश भर में 80वें स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी अवसर पर किरंदुल नगर में एक अनोखी और प्रेरणादायक पहल देखने को मिली।
समाजसेवी *श्री प्रवेश जोशी* ने अपनी पुत्री *कुमारी अनिक जोशी* के प्रथम जन्मदिवस, जो कि 16 अगस्त है, उसके शुभ अवसर पर 15 अगस्त को शासकीय प्राथमिक शाला कोडनार क्रमांक 1 के 45 विद्यार्थियों को स्टेशनरी सामग्री उपहार स्वरूप वितरित की।
*बच्चों और शिक्षकों में खुशी की लहर*
स्कूल परिसर में आयोजित छोटे से कार्यक्रम में जब बच्चों को कॉपी, पेन, पेंसिल और अन्य स्टेशनरी सामग्री भेंट की गई, तो बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। शिक्षकों ने भी इस पहल की सराहना की और इसे बच्चों के लिए प्रोत्साहन बताया।
*शिक्षा व्यवस्था सुधारने के लिए प्रतिबद्ध*
श्री जोशी ने बताया कि यह पहला अवसर नहीं है जब उन्होंने स्कूल की सेवा की है। इससे पूर्व भी उन्होंने उक्त शाला की मूलभूत व्यवस्थाओं में सुधार के संबंध में स्कूल की बात शासन-प्रशासन तक पहुंचाई थी।
उन्होंने कहा, _”मेरी बेटी के जन्मदिवस की खुशी को मैं उन बच्चों के साथ बांटना चाहता था, जिन्हें हमारी थोड़ी सी प्रोत्साहन से बड़ी प्रेरणा मिल सकती है। आगे भी मेरा प्रयास रहेगा कि किरंदुल क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों की व्यवस्था बेहतर हो और बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों। इसके लिए मैं लगातार शासन तक स्कूल की बात पहुंचाता रहूंगा। क्योंकि शिक्षा सबसे पहले है “_
*विद्यालय प्रशासन ने जताया आभार*
इस अवसर पर शाला के प्रधानाध्यापक थेलेश ठाकुर जी ने श्री प्रवेश जोशी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक सहयोग से बच्चों का मनोबल बढ़ता है और शिक्षा के प्रति रुचि जागृत होती है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर की गई इस पहल को नगरवासियों ने भी सराहा है। उनका मानना है कि इस तरह के कार्य समाज में शिक्षा और सेवा के भाव को बढ़ावा देते हैं।
