संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, तमिलनाडु से हुई बरामदगी
उजाला टुडे कोंडागांव 04 मई 2026- कोंडागांव :विश्रामपूरी पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के निर्देशन में थाना विश्रामपुरी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को तमिलनाडु से ढूंढ निकाला और अब उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मामला: गुमशुदगी से शुरू हुई जांच
घटना की शुरुआत 16 अप्रैल 2026 को हुई, जब प्रार्थी सोमलाल यादव ने थाना विश्रामपुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी नाबालिग बेटी 6 अप्रैल से लापता है। प्रार्थी ने आशंका जताई थी कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसे बहला-फुसलाकर ले गया है। चूंकि मामला नाबालिग से जुड़ा था, इसलिए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 27/2026 के तहत धारा 137(2) भा.न्या.सं. 2023 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
लोकेशन ट्रेस कर तमिलनाडु पहुंची पुलिस
पुलिस अधीक्षक और उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक शंकर लाल ध्रुव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। सायबर सेल कोण्डागांव की मदद से संदिग्ध मोबाइल नंबर का लोकेशन ट्रैक किया गया, जिससे पता चला कि आरोपी पीड़िता को लेकर तमिलनाडु के जिला नामाकल (थाना कौंगनापुरम्) में छिपा है।
सूचना मिलते ही विश्रामपुरी पुलिस की टीम ने कौंगनापुरम् पहुंचकर आरोपी रघुनाथ यादव (20 वर्ष), निवासी ग्राम राकसबेड़ा (माकड़ी), को हिरासत में लिया और पीड़िता को सकुशल बरामद कर वापस लाया गया।
पूछताछ में हुआ खुलासा
थाना विश्रामपुरी लाने के बाद जब नाबालिग पीड़िता से पूछताछ की गई, तो उसने बताया कि आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर अपने साथ रखा और उसका शारीरिक शोषण किया। आरोपी रघुनाथ यादव ने भी अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
पुलिस ने वैधानिक कार्यवाही पूरी कर आरोपी को 3 मई 2026 को गिरफ्तार किया। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे ज्यूडिशियल रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की भूमिका:
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शंकर लाल ध्रुव, प्रधान आरक्षक देवार्चन सिदार, महिला प्रधान आरक्षक जयो चन्द्रवंशी, आरक्षक राम नाग और सायबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही
