‘समाधान समारोह 2026′ के तहत विशेष लोक अदालत हेतु चलाया गया व्यापक जागरूकता अभियान

उजाला टुडे न्यूज
29 मई 2026
संवाददाता फलेश्वरी (रितु साहू)
दंतेवाड़ा बचेली :- ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण, दंतेवाड़ा (दक्षिण बस्तर) के तत्वाधान एवं निर्देशानुसार दिनांक 29 मई 2026 को बचेली थाना क्षेत्र में आम नागरिकों को कानूनी सहायता, त्वरित न्याय एवं पुराने लंबित विवादों के समाधान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को न्यायालयीन प्रक्रिया को सरल, सुलभ एवं कम खर्चीला बनाने के साथ-साथ आपसी समझौते के माध्यम से विवादों का शांतिपूर्ण समाधान करने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण की पैरालीगल वॉलिंटियर (PLV) रीता चौहान द्वारा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बचेली शाखा पहुँचकर शाखा प्रबंधक एवं बैंक कर्मचारियों को आगामी ‘समाधान समारोह 2026’ तथा विशेष लोक अदालत के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इसके साथ ही बैंक में उपस्थित आम नागरिकों एवं खाताधारकों को भी लोक अदालत की प्रक्रिया, उसके लाभ तथा उसमें शामिल होने की जानकारी दी गई।
पीएलवी रीता चौहान ने उपस्थित लोगों को बताया कि लोक अदालत एक ऐसा मंच है जहाँ दोनों पक्ष आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर अपने मामलों का त्वरित एवं स्थायी समाधान प्राप्त कर सकते हैं। इससे समय, धन एवं अनावश्यक मानसिक तनाव की बचत होती है तथा वर्षों से लंबित मामलों का सरलता से निपटारा संभव हो पाता है। उन्होंने कहा कि लोक अदालत में पारिवारिक विवाद, बैंक ऋण प्रकरण, मोटर दुर्घटना दावा, श्रम विवाद, बिजली-पानी बिल विवाद सहित विभिन्न प्रकार के मामलों का निराकरण किया जाता है।
अगस्त में लगेगा विशेष लोक अदालत का महाकुंभपीएलवी रीता चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि माननीय उच्चतम न्यायालय (सुप्रीम कोर्ट), नई दिल्ली द्वारा आयोजित ‘समाधान समारोह 2026’ के अंतर्गत आगामी 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस दौरान देशभर से चयनित मामलों की सुनवाई कर पक्षकारों की आपसी सहमति से उनका समाधान कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस विशेष लोक अदालत का उद्देश्य न्याय प्रक्रिया को अधिक मानवीय, सरल एवं प्रभावी बनाना है ताकि आम नागरिक बिना किसी जटिल कानूनी प्रक्रिया के अपने विवादों का समाधान प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम के दौरान लोगों से अधिक से अधिक संख्या में लोक अदालत का लाभ उठाने एवं अपने लंबित मामलों के त्वरित निराकरण हेतु आगे आने की अपील भी की गई।जागरूकता अभियान के दौरान नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा कई लोगों ने लोक अदालत से संबंधित जानकारी प्राप्त कर अपने मामलों के समाधान में रुचि दिखाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में बैंक प्रबंधन एवं स्थानीय नागरिकों का सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ।
