किरंदुल में पहली बार 24 घंटे का संगीतमय सामूहिक गायत्री महामंत्र अखंड पाठ प्रारंभ, श्रद्धालुओं की उमड़ी आस्था

उजाला टुडे न्यूज
7 मई 2026
संवाददाता फलेश्वरी (रितु साहू)
किरंदुल। नगर की सुख-शांति, समृद्धि एवं जनकल्याण की मंगलकामना के साथ श्री राघव मंदिर परिसर में पहली बार आयोजित 24 घंटे का संगीतमय सामूहिक गायत्री महामंत्र अखंड पाठ शनिवार प्रातः विधिवत प्रारंभ हो गया। आयोजन के शुभारंभ के साथ ही मंदिर परिसर गायत्री महामंत्र की पावन ध्वनि, भजन-कीर्तन एवं वैदिक मंत्रोच्चार से गुंजायमान हो उठा।
श्री राम जनकल्याण सेवा समिति (बैलाडीला देवस्थान समिति), श्री राघव मंदिर परिवार एवं गायत्री परिवार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस दो दिवसीय आध्यात्मिक अनुष्ठान में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। आयोजन में विभिन्न धार्मिक समितियां, मानस मंडलियां, जस-भजन मंडलियां एवं सेवा संगठन अपनी सक्रिय सहभागिता निभा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान गायत्री परिवार किरंदुल-बचेली-दंतेवाड़ा सहित नगर की 15 धार्मिक एवं सांस्कृतिक समितियों द्वारा क्रमवार गायत्री महामंत्र पाठ, भजन, कीर्तन एवं आध्यात्मिक प्रस्तुतियां दी जा रही हैं। श्रद्धालु पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ अखंड पाठ में सहभागी बन रहे हैं, जिससे मंदिर परिसर में भक्ति एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का विशेष वातावरण निर्मित हो गया है।
आयोजन समिति ने बताया कि यह अखंड पाठ रविवार प्रातः 10 बजे तक निरंतर जारी रहेगा। इसके पश्चात गायत्री परिवार द्वारा वैदिक हवन एवं भव्य महाआरती संपन्न कराई जाएगी। वहीं दोपहर में स्वर्गीय श्रीमती अंतिमा शुक्ला की श्रद्धांजलि सभा एवं श्रद्धालुओं के लिए भोग-प्रसाद का आयोजन भी रखा गया है।
नगरवासियों ने इस ऐतिहासिक आयोजन का स्वागत करते हुए इसे सामाजिक समरसता, आध्यात्मिक जागरण एवं सामूहिक आस्था का अनूठा उदाहरण बताया। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालु भक्तजनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त करने एवं गायत्री महामंत्र की दिव्य साधना में सहभागी बनने का आग्रह किया है।
“गायत्री महामंत्र की अखंड ध्वनि से श्री राघव मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा है, जहां श्रद्धा, साधना, सेवा और आध्यात्मिक चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।”
