किरंदुल में पहली बार आयोजित 24 घंटे का संगीतमय सामूहिक गायत्री महामंत्र अखंड पाठ श्रद्धा एवं भक्ति के साथ संपन्न

उजाला टुडे न्यूज
8 जून 2026
संवाददाता फलेश्वरी (रितु साहू)
किरंदुल। नगर की सुख-शांति, समृद्धि, आध्यात्मिक उन्नति एवं जनकल्याण की मंगलकामना के साथ श्री राघव मंदिर परिसर में पहली बार आयोजित दो दिवसीय 24 घंटे का संगीतमय सामूहिक गायत्री महामंत्र अखंड पाठ, वैदिक हवन, महाआरती एवं श्रद्धांजलि सभा श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।
06 जून से प्रारंभ हुए इस ऐतिहासिक आध्यात्मिक आयोजन में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तजन शामिल हुए। 24 घंटे तक श्री राघव मंदिर परिसर गायत्री महामंत्र की दिव्य ध्वनि, भजन-कीर्तन, मानस पाठ एवं आध्यात्मिक साधना से गुंजायमान रहा। आयोजन के दौरान नगर की विभिन्न धार्मिक समितियों, मानस मंडलियों, जस-भजन मंडलियों एवं सेवा संगठनों ने अपनी सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अखंड पाठ को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
गायत्री परिवार किरंदुल, बचेली एवं दंतेवाड़ा के मार्गदर्शन में आयोजित इस अनुष्ठान में भारत माता महिला जागरण समिति, दंतेश्वरी जस एवं भजन मंडली, श्रद्धा मानस मंडली, मंदाकिनी जस एवं भजन मंडली, सत्य साईं सेवा समिति, भागवत महिला मंडली, नव जागृति जस एवं भजन मंडली, आराधना जस एवं भजन मंडली, बोल बम समिति, सुंदरकाण्ड पाठ सेवा समिति, श्री परशुराम सेवा समिति, ज्ञान गंगा मानस परिवार, कर्मा माता मानस मंडली एवं सुर संगम भजन एवं जस मंडली सहित अनेक धार्मिक संगठनों ने सहभागिता निभाई।
अखंड गायत्री महामंत्र पाठ की पूर्णाहुति के उपरांत वैदिक विधि-विधान से हवन एवं भव्य महाआरती संपन्न हुई, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने विश्व शांति, मानव कल्याण एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात स्वर्गीय श्रीमती अंतिमा शुक्ला की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जहां उपस्थित जनों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर आयोजित भोग-प्रसाद वितरण में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, भक्ति एवं सामाजिक समरसता का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।
श्री राम जनकल्याण सेवा समिति (बैलाडीला देवस्थान समिति), श्री राघव मंदिर परिवार एवं गायत्री परिवार ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी धार्मिक संगठनों, महिला मंडलियों, भजन-कीर्तन दलों, सेवाभावी संस्थाओं, समाजसेवियों एवं श्रद्धालु भक्तजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
नगर में पहली बार आयोजित यह 24 घंटे का संगीतमय सामूहिक गायत्री महामंत्र अखंड पाठ श्रद्धा, भक्ति, आध्यात्मिक चेतना एवं सामाजिक एकता का अनुपम उदाहरण बनकर संपन्न हुआ।
