बचेली: प्रकाश विद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र का भव्य शुभारंभ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा विद्यालय परिसर

उजाला टुडे न्यूज
16 जून 2026
संवाददाता फलेश्वरी ( रितु साहू )
बचेली। क्षेत्र के प्रतिष्ठित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा संस्थानों में अग्रणी प्रकाश विद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। विद्यालय परिसर प्रथम दिवस पर विद्यार्थियों की चहल-पहल, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्वागत समारोह से गुलजार रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बचेली के प्राचार्य श्री बी.आर. नाग थे। उनके साथ विद्यालय की प्राचार्या सिस्टर बीना एंटनी, पूर्व प्रबंधक सिस्टर सूसी तथा नव नियुक्त प्रबंधक सिस्टर मिनी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय परिवार द्वारा विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया गया। लंबे अवकाश के बाद विद्यालय पहुंचे बच्चों के चेहरों पर खुशी, उत्साह और नई ऊर्जा स्पष्ट दिखाई दे रही थी।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। गीत, नृत्य एवं स्वागत प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास ने सभी को प्रभावित किया तथा कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
अपने उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण, अनुभवी शिक्षकों, अनुशासन और संस्कारयुक्त शिक्षा के लिए प्रसिद्ध प्रकाश विद्यालय वर्षों से क्षेत्र में शिक्षा का एक सशक्त केंद्र बना हुआ है। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर समर्पित भाव से कार्य करते हैं। शिक्षा के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं सामाजिक गतिविधियों में भी विद्यार्थियों को उत्कृष्ट अवसर प्रदान किए जाते हैं।
मुख्य अतिथि श्री बी.आर. नाग ने अपने संबोधन में कहा कि प्रकाश विद्यालय शिक्षा और संस्कारों का उत्कृष्ट संगम है, जहां विद्यार्थियों को बेहतर नागरिक और उज्ज्वल भविष्य के लिए तैयार किया जाता है। वहीं प्राचार्या सिस्टर बीना एंटनी ने विद्यार्थियों को नए सत्र में लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन, मेहनत और अनुशासन के साथ अध्ययन करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, समस्त कर्मचारियों एवं विद्यालय परिवार का विशेष योगदान रहा। विद्यालय प्रबंधन की सुव्यवस्थित व्यवस्था और शिक्षकों के समर्पण ने आयोजन को भव्य एवं सफल बनाया।
अंत में विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए नए शैक्षणिक सत्र के सफल, मंगलमय एवं उपलब्धियों से परिपूर्ण होने की शुभकामनाएं दीं।
