
संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
कोण्डागांव: पुलिस अधीक्षक ने ली विशेष अपराध समीक्षा बैठक, उत्कृष्ट कार्य करने वाले ‘कॉप ऑफ द मंथ’ सम्मानित
उजाला टुडे कोंडागांव 08 जुलाई 2026-कोण्डागांव:जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.) की अध्यक्षता में आज जिला पुलिस कार्यालय में समस्त राजपत्रित अधिकारियों, अनुविभागीय अधिकारियों तथा थाना/चौकी प्रभारियों की विशेष अपराध समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
लंबित मामलों और विवेचना की हुई विस्तृत समीक्षा
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले की कानून व्यवस्था, लंबित अपराधों, शिकायतों के निराकरण, विवेचना की प्रगति तथा विभिन्न शाखाओं के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही गंभीर एवं लंबित अपराधों में शीघ्र विवेचना पूर्ण कर न्यायालय में चालान प्रस्तुत किए जाएं, जिससे अपराधियों को जल्द से जल्द सजा मिल सके।
विजिबल पुलिसिंग और साइबर जागरूकता पर रहेगा जोर
अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए एसपी पंकज चन्द्रा ने मैदानी अधिकारियों को कई अहम दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, लंबित समन एवं वारंटों की शत-प्रतिशत तामिली तथा आदतन अपराधियों व असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। इसके साथ ही नियमित रात्रि गश्त बढ़ाने, सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन चेकिंग करने तथा सड़कों पर ‘विजिबल पुलिसिंग’ को और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
सोशल मीडिया की सतत मॉनिटरिंग कर अफवाह एवं भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई करने तथा साइबर अपराधों, ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड, डिजिटल सुरक्षा एवं यातायात नियमों के संबंध में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी विशेष बल दिया गया।
सामुदायिक पुलिसिंग और संवेदनशीलता की सीख
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को सामुदायिक पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने तथा ग्राम स्तर पर जनसंवाद बढ़ाने की बात कही। उन्होंने विशेष तौर पर निर्देशित किया कि थाने आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। इसके साथ ही, अभियोजन अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर न्यायालय में दोषसिद्धि (Conviction Rate) का प्रतिशत बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी हुए पुरस्कृत
बैठक के दौरान जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया। इसमें उत्कृष्ट कार्य के लिए आरक्षक अजरंग बघेल, आरक्षक लिलेश ध्रुव एवं आरक्षक दशरू नेताम को प्रतिष्ठित “कॉप ऑफ द मंथ” सम्मान से नवाजा गया। वहीं, गिरजा शंकर देव को उनके बेहतरीन कार्य निष्पादन के लिए “एम्पलाई ऑफ द मंथ” सम्मान प्रदान किया गया।
सम्मानित अधिकारी-कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए एसपी पंकज चन्द्रा ने कहा कि उनकी कार्यशैली अन्य पुलिस कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी से अनुशासित, उत्तरदायी एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
इस विशेष समीक्षा बैठक में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP), थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस कार्यालय के विभिन्न शाखा प्रभारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।




