संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स मीट 2026–27: डीएवी एमएमपीएस देवखरगांव के खिलाड़ियों ने जोनल स्तर पर लहराया परचम, जीते दो स्वर्ण और एक रजत पदक
उजाला टुडे कोंडागांव 01 सितंबर 2026-कोंडागांव:देवखरगांव डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स मीट 2026–27 के जोनल स्तर की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल (एमएमपीएस) देवखरगांव के खिलाड़ियों ने अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए शानदार सफलता हासिल की है। विद्यालय के होनहार विद्यार्थियों ने दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर पूरे अंचल का नाम रोशन किया।
डीएवी इस्पात पब्लिक स्कूल, नंदिनी में आयोजित अंडर-17 बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में डीएवी एमएमपीएस देवखरगांव की टीम ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
वहीं विश्रामपुर (अंबिकापुर) में संपन्न हुई एथलेटिक्स स्पर्धा के अंडर-19 बालिका वर्ग की 400 मीटर दौड़ में विद्यालय की प्रतिभावान धाविका नीति नेताम ने बेहतरीन गति और स्टैमिना का परिचय देते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इसके अतिरिक्त, रायपुर में आयोजित अंडर-17 बालक वर्ग की टेबल टेनिस प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ी नमन साहू, समर्थ संचेती, राजवीर एवं शिवम की टीम ने कड़े मुकाबले में उत्कृष्ट खेल दिखाते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया और रजत पदक हासिल किया।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अन्य खिलाड़ियों ने भी अपनी खेल भावना और कड़े अनुशासन का परिचय दिया। विद्यालय के प्राचार्य एन. एन. रॉय, शारीरिक शिक्षा विभाग और समस्त शिक्षकों ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


