उजाला टुडे न्यूज 3 जून 2026
संवाददाता फलेश्वरी (रितु साहू)
तहसील साहू समाज किरंदुल में 6 एवं 7 जून को धूमधाम से मनाई जाएगी संत शिरोमणि भक्त माता कर्मा जयंती

नवनिर्मित समाज भवन का होगा लोकार्पण, महिलाओं की विशेष बैठक से तैयारियों को मिली गति
किरंदुल। तहसील साहू समाज किरंदुल द्वारा संत शिरोमणि भक्त माता कर्मा जी की जयंती 6 एवं 7 जून 2026 को श्रद्धा, उत्साह एवं भव्यता के साथ मनाई जाएगी। दो दिवसीय इस आयोजन को लेकर समाज के सभी वर्गों में विशेष उत्साह का वातावरण है तथा तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
- कार्यक्रम के प्रथम दिवस नवनिर्मित भवन का लोकार्पण के उपरांत 6 जून को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें समाज की महिलाएं एक समान पारंपरिक साड़ी एवं वेशभूषा में शामिल होकर श्रद्धा और एकता का अनुपम संदेश देंगी। समाज की मातृशक्ति की सक्रिय सहभागिता इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण होगी।
द्वितीय दिवस 7 जून को संत शिरोमणि भक्त माता कर्मा जयंती महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ समाज के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण भी किया जाएगा। यह भवन समाज की एकता, संगठन एवं प्रगति का प्रतीक बनकर भविष्य में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
आयोजन की रूपरेखा एवं महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु तहसील साहू समाज की महिला पदाधिकारियों के द्वारा विशेष बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में महिला पदाधिकारी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। सभी महिलाओं द्वारा एक समान साड़ी धारण करने का निर्णय लेकर सामाजिक एकता एवं संगठन का प्रेरणादायी संदेश दिया जा रहा है।
वहीं समाज के पुरुष वर्ग ने भी एक समान पारंपरिक परिधान में शामिल होकर समारोह की गरिमा बढ़ाने का संकल्प लिया है। महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों की सहभागिता से आयोजन को भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है।
समारोह में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव तथा प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष श्री नरेंद्र साहू सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों एवं गणमान्य जनों के आगमन की संभावना है। उनके आगमन से समारोह की गरिमा और अधिक बढ़ेगी।
तहसील साहू समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि कर्मा जयंती महोत्सव समाज की संस्कृति, परंपरा, आस्था, एकता एवं संगठन शक्ति का प्रतीक है। समाज की महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठजनों के सामूहिक सहयोग से यह आयोजन यादगार एवं ऐतिहासिक बनने जा रहा है।
तहसील साहू समाज किरंदुल ने समस्त समाजजनों एवं नगरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर संत शिरोमणि भक्त माता कर्मा जी के आदर्शों से प्रेरणा प्राप्त करें तथा इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में अपनी सहभागिता प्रदान करें।
“एकता, संस्कृति और सामाजिक समरसता का संदेश लेकर कर्मा जयंती महोत्सव 2026, किरंदुल में एक नई मिसाल स्थापित करने जा रहा है।”
