
संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
नगर सेना कोण्डागांव में निष्प्रयोज्य सामग्रियों की खुली नीलामी 25 जून को, वर्दी सामग्री से लेकर नाव और साउंड सिस्टम शामिल
कंडम घोषित सामानों की एक ही लॉट में होगी नीलामी; इच्छुक खरीदार ₹1000 प्रतिभूति राशि के साथ ले सकेंगे भाग
उजाला टुडे कोंडागांव 16 जून 2026-कोण्डागांव। कार्यालय जिला सेनानी, नगर सेना कोण्डागांव (छत्तीसगढ़) द्वारा विभाग के अंतर्गत निष्प्रयोज्य (कंडम) घोषित की जा चुकी भंडार सामग्रियों की खुली नीलामी की घोषणा की गई है। यह नीलामी आगामी 25 जून 2026, दिन गुरुवार को पूर्वान्ह 11:00 बजे से महात्मा गांधी वार्ड, आड़काछेपड़ा स्थित होमगार्ड्स कार्यालय-कैम्प परिसर में आयोजित की जाएगी। जिला सेनानी द्वारा इस संबंध में स्थानीय समाचार पत्रों में जनहित में सूचना प्रकाशन हेतु विज्ञप्ति जारी की गई है।
नीलामी में शामिल सामग्रियां:
इस खुली नीलामी में होमगार्ड जवानों की वर्दी से जुड़ी सामग्रियां और कार्यालयीन उपयोग के कई महत्वपूर्ण उपकरण शामिल हैं। मुख्य रूप से:
- वर्दी एवं वस्त्र: बूट एंकल जोड़, जंगल बुट जोड़, डर्बी शू काला, शर्ट व फुल पेंट (खाकी कॉटन व टेरीकाट), जर्सी (नीली व खाकी उलन), कैप बैरत उलन, जुराब, कम्बल, दरी, ग्राउंड शीट, मच्छरदानी, बरसाती मय टोपी, अंगोला शर्ट, कोट कम्बात, सलवार सूट, साड़ी, ब्लाउज व पेटीकोट आदि।
- साज-सज्जा व टूल्स: बेल्ट लेदर काला, व्हीसिल, लेन यार्ड, बेल्ट वेब, थाली, गिलास, फावड़ा, गैंती, बेलचा, कुल्हाड़ी, फोल्डिंग पलंग आदि।
- तकनीकी व बचाव उपकरण: साउंड सिस्टम, इनवर्टर तथा रबर बोट (नाव) आदि शामिल हैं। ये सभी सामग्रियां एक ही लॉट (थोक) में नीलाम की जाएंगी।
नीलामी की मुख्य शर्तें एवं प्रक्रिया:
- सामग्रियों का निरीक्षण: इच्छुक खरीदार नीलामी की निर्धारित तिथि से एक दिन पूर्व कार्यालयीन समय में होमगार्ड्स कैम्प परिसर में आकर नीलाम होने वाली सामग्रियों को प्रत्यक्ष रूप से देख सकते हैं।
- प्रतिभूति राशि : प्रत्येक बोलीदाता को बोली प्रक्रिया में भाग लेने से पहले ₹1000.00 (रुपये एक हजार मात्र) नगद प्रतिभूति राशि कार्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा। जिन खरीदारों की बोली स्वीकार नहीं होगी, उन्हें उनकी राशि नीलामी समाप्ति के बाद तुरंत वापस कर दी जाएगी।
- सामग्री उठाना: उच्चतम बोली लगाने वाले खरीदार की बोली स्वीकार होने के तुरंत बाद, पूरी राशि उसी दिन नगद जमा करनी होगी और संपूर्ण सामग्री को मौके से उठाना होगा।
- अंतिम अधिकार: नीलामी बोली को बिना कारण बताए स्वीकार अथवा अस्वीकार करने का सर्वाधिकार नीलामी कमेटी के पास सुरक्षित रहेगा।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति कार्यालय जिला सेनानी, नगर सेना, जिला-कोण्डागांव के नोटिस बोर्ड का अवलोकन कर सकते हैं।
