संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
केशकाल पुलिस की बड़ी सफलता: ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत तीन लापता बालिकाएं बरामद, महाराष्ट्र और तेलंगाना से लाया गया वापस
उजाला टुडे कोंडागांव 25 अप्रैल 2026- केशकाल, कोंडागांव। जिला पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ और ‘ऑपरेशन तलाश’ को एक बड़ी कामयाबी मिली है। केशकाल पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए अलग-अलग राज्यों से एक नाबालिग सहित तीन लापता बालिकाओं को सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया है। अपनी बेटियों को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों की आंखें नम हो गईं और उन्होंने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
क्या था मामला?
जानकारी के अनुसार, थाना केशकाल में परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी बेटियां घर से बिना बताए कहीं चली गई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने धारा 137 (2) BNS के तहत अपराध क्रमांक 49/2026, 72/2026 और 59/2026 पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की थी। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण की आशंका के चलते पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया।
तीन राज्यों में दी दबिश
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्र एवं एसडीओपी अरुण नेताम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विकास बघेल ने तीन विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस टीम ने साइबर सेल की मदद से बालिकाओं की लोकेशन ट्रैक की और अलग-अलग दिशाओं में रवाना हुई:
- महाराष्ट्र: एक बालिका को गोंदिया जिले के ग्राम घिवारी से बरामद किया गया।
- तेलंगाना: एक अन्य बालिका को हैदराबाद के अन्नाराम एयरफोर्स एकेडमी के पास से ढूंढ निकाला गया।
- छत्तीसगढ़: तीसरी बालिका को बालोद जिले के पुरूर बस स्टैंड के पास से सुरक्षित बरामद किया गया।
परिजनों के सुपुर्द की गईं बालिकाएं
बरामदगी के बाद बालिकाओं को न्यायालय के समक्ष पेश कर उनके बयान दर्ज कराए गए। बयानों में बालिकाओं ने किसी भी व्यक्ति द्वारा किसी प्रकार की अप्रिय घटना या जोर-जबरदस्ती की बात से इनकार किया। वैधानिक कार्यवाही पूरी करने के बाद पुलिस ने तीनों को उनके माता-पिता को सौंप दिया।
इनकी रही अहम भूमिका
इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन में उप निरीक्षक प्रेमनाथ बघेल, सउनि. अनिता मेश्राम, प्रधान आरक्षक ईश्वर नेताम, विनय बघेल, विमला मण्डावी, माधुरी रावटे, महिला आरक्षक अहिल्या यादव, सोनल यादव, आरक्षक गिरजू मरकाम, अमित मंडावी सहित साइबर सेल कोंडागांव के आरक्षक जितेंद्र मरकाम और बीजू यादव का विशेष योगदान रहा।
“पुलिस की इस त्वरित कार्यवाही और संवेदनशीलता की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है। परिजनों ने पुलिस टीम की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि खाकी के प्रयासों से ही आज उनके घरों की खुशियां वापस लौटी हैं।”


