संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
कोंडागांव के पांच स्काउट-गाइड लीडरों को मिला ‘हिमालय वुड बैज’, राज्य स्तर पर हुए सम्मानित
उजाला टुडे कोंडागांव 27 अप्रैल 2026- रायपुर/कोंडागांव:पवन कुमार साहू, जिला मीडिया प्रभारी भारत स्काउट एवं गाइड, जिला संघ कोंडागांव से प्राप्त जानकरी भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ द्वारा रायपुर के श्री बालाजी विद्या मंदिर में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में कोंडागांव जिले का गौरव बढ़ा है। जिले के पांच स्काउट-गाइड यूनिट लीडरों को उनके उत्कृष्ट सेवा और प्रशिक्षण के लिए स्काउटिंग जगत के सर्वोच्च प्रशिक्षण प्रमाण पत्र ‘हिमालय वुड बैज’ (HWB) से सम्मानित किया गया है।
छत्तीसगढ़ राज्य के मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा ने इन लीडरों को प्रशस्ति पत्र और प्रमाण पत्र प्रदान कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की।
इन दिग्गजों को मिला सम्मान
जिले से इस सर्वोच्च उपलब्धि को प्राप्त करने वालों में शामिल हैं:
- ऋषिदेव सिंह: स्काउट मास्टर (स्वामी आत्मानंद स्कूल, दहिकोंगा) – जो जिले के प्रथम हिमालय वुड बैज स्काउट मास्टर बने हैं।
- चमन लाल शोरी: रोवर लीडर (शासकीय उ.मा. विद्यालय, मालगांव)
- श्याम लाल कोर्राम: रोवर लीडर (शासकीय उ.मा. विद्यालय, सिंधनपुर)
- कोमल साहू: रोवर लीडर (शासकीय उ.मा. विद्यालय, भण्डारसिवनी)
- शैलेंद्र सोनभद्र: रोवर लीडर (शासकीय उ.मा. विद्यालय, पीपरा)
क्या है हिमालय वुड बैज (HWB)?
वरिष्ठ सलाहकार ऋषिदेव सिंह ने बताया कि यह स्काउटिंग में यूनिट लीडरों के लिए दिया जाने वाला सर्वोच्च प्रशिक्षण स्तर है। यह एक कठिन 7-दिवसीय आवासीय पाठ्यक्रम होता है, जो एडवांस कोर्स के 12 महीने बाद ‘ट्रेनिंग स्टडी’ पूरी करने पर ही प्राप्त होता है। यह सम्मान नेतृत्व क्षमता और बेहतर यूनिट प्रबंधन का प्रतीक माना जाता है।
जिले में हर्ष की लहर
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान, विकासखंड शिक्षा अधिकारी जगमोहन भोयर, जिला संगठन आयुक्त भीषभदेव साहू (प्रथम हिमालय वुड बैज रोवर लीडर) सहित जिले के समस्त स्काउटर और गाइडर ने प्रसन्नता व्यक्त की है। सभी ने सम्मानित लीडरों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई दी है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व जिले से संजना हरमिट (जिला संगठन आयुक्त गाइड), नीलम श्रीवास्तव (जिला प्रशिक्षण आयुक्त) और संगीता शोरी (रेंजर लीडर) भी इस सम्मान से नवाजी जा चुकी हैं।

