डीएवी पब्लिक स्कूल किरंदुल का शानदार परीक्षा परिणाम, विद्यार्थियों ने बढ़ाया क्षेत्र का गौरव
डी. ए .वी .पब्लिक स्कूल किरंदुल
उजाला टुडे न्यूज
13 मई 2026
संवादाता फलेश्वरी (रितु साहू)
किरंदुल। डीएवी पब्लिक स्कूल किरंदुल ने एक बार फिर अपने उत्कृष्ट शैक्षणिक परिणामों से सफलता का नया अध्याय लिख दिया है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा घोषित कक्षा 12वीं परीक्षा परिणाम में विद्यालय के विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
विद्यालय के प्रतिभाशाली छात्र अमित साहू ने वाणिज्य संकाय में 92.02 प्रतिशत अंक अर्जित कर पूरे विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि ने विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। विज्ञान संकाय में हरिता जी ने 90.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं आस्था साहू ने 88 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय एवं दीप्ति ठाकुर ने 85.4 प्रतिशत अंक अर्जित कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वाणिज्य संकाय में विशेष सक्सेना ने 86 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय तथा दीपिका सोनी ने 85.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया। कला संकाय में फ़लेश ठाकुर ने 78.4 प्रतिशत अंक के साथ प्रथम, अनन्या मजूमदार ने 77 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय एवं तारा यादव ने 76.8 प्रतिशत अंक अर्जित कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय के मेधावी छात्र अमित साहू ने इन्फॉर्मेशन प्रैक्टिस विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की। उनकी इस सफलता ने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे किरंदुल क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। विद्यार्थियों की इस शानदार सफलता से विद्यालय परिसर में उत्साह एवं उल्लास का वातावरण देखने को मिला।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि के पीछे विद्यालय के प्राचार्य श्री संतोष श्रीवास्तव का कुशल नेतृत्व, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण एवं शिक्षकों का अथक परिश्रम महत्वपूर्ण रहा। विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, बेहतर मार्गदर्शन एवं निरंतर प्रेरणा प्रदान कर उन्हें सफलता की राह दिखाई। शिक्षकों की मेहनत और विद्यार्थियों के समर्पण का ही परिणाम है कि विद्यालय लगातार उत्कृष्ट परिणाम दे रहा है।
विद्यालय के प्राचार्य श्री संतोष श्रीवास्तव ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग एवं शिक्षकों के समर्पण का सामूहिक परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षकों एवं अभिभावकों को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
विद्यालय की इस शानदार सफलता पर अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दी हैं।